मस्तूरी एसडीएम की बड़ी कार्रवाई..6 ईट भट्ठा संचालकों पर जुर्म दर्ज..सभी आरोपी इलाहाबाद निवासी

BHASKAR MISHRA

बिलासपुर—-मस्तूरी प्रशासन ने जोंधरा स्थित शिवनाथ नदी किनारे अवैध ईटा भट्ठा संचालन करने वालों के खिलाफ अभियान चलाया। इस दौरान संयुक्त टीम ने अवैध भट्ठा संचालकों के खिलाफ सख्त कदम उठाया है। टीम ने लाखों ईंट कब्जा कर 6 लोगों पर खनिज अधिनियम के तहत अपराध भी कायम किया है।

Join Our WhatsApp Group Join Now

कलेक्टर अवनीश शरण और मस्तूरी एसडीएम अमित सिन्हा के निर्देश पर ईटा भट्ठा संचालकों के खिलाफ व्यापक स्तर पर अभियान चलाया गया। राजस्व और खनिज विभाग की संयुक्त टीम ने शिवनाथ नदी तट स्थित जोंधरा में धावा बोला। मौके पर व्यापक स्तर पर अवैध ईट भट्ठा संचालन करते 6 लोगों के खिलाफ जुर्म दर्ज किया।  टीम की अगुवाई कर रही तहसीलदार माया अंचल ने की।

एसडीएम अमित सिन्हा ने जानकारी दिया कि संयुक्त टीम ने 6 लोगों के खिलाफ माइनिंग एक्ट के तहत जुर्म दर्ज किया है। सभी भट्ठा संचालक प्रयागराज यानी इलाहाबाद के रहने वाले है। व्यापक स्तर पर बिना अनुमति भट्ठा संचालन करते पकड़ा गया। कार्रवाई के दौरान ननका सिंह से 50 हजार कच्चा और 17 हजार कच्चा ईंटा जब्त हुआ है।

शिव प्रसाद से कच्चा 12  हजार और पक्का 80 हजार पक्का ईंटा बरामद हुआ है। रामलाल से 75 हजार पक्का और 15 हजार कच्चा, वैशाखू राम से 30 हजार पक्का और 11 हजार कच्चा, मुन्नी लाल से 60 हजार पक्का और 9 हजार कच्चा ईट भट्ठा को सील किया गया। सबसे ज्यादा संतोष से एक लाख 40 हजार पक्का और 35 कच्चा अवैध ईट बरामद हुआ है।

एसडीएम अमित सिन्हा ने बताया कि कलेक्टर के निर्देश पर अवैध ईंट और रेत कारोबारियों के खिलाफ व्यापक स्तर पर अभियान चलाया जाएगा। किसी भी सूरत में अवैध प्रक्रिया को माफ नहीं किया जाएगा।

close