धान खरीदी से संबंधित कार्यों में नही चलेगी लापरवाही

Shri Mi
5 Min Read

जांजगीर-चांपा/ कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा ने आज कलेक्टोरेट परिसर के सभाकक्ष में खरीफ वर्ष 2022-23 के लिए व्यवस्थित धान खरीदी कार्य करने के लिए समीक्षा बैठक ली। बैठक में उन्होंने कहा कि धान खरीदी का कार्य शासन का अत्यंत महत्वपूर्ण कार्य है, इसलिए सभी संबंधित अधिकारी धान खरीदी केन्द्रों का निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित रखें। उन्होंने धान खरीदी से संबंधित कार्यों को पूरी गंभीरता से करने कहा तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही या गड़बड़ी पाए जाने पर संबंधित अधिकारी कर्मचारी के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

Join Our WhatsApp Group Join Now

बैठक में कलेक्टर ने आगामी धान खरीदी के लिए बारदानों की उपलब्धता और आवश्यकता की जानकारी ली तथा आवश्यक निर्देश दिए। कलेक्टर ने सभी संबंधित अधिकारियों को जिले के धान खरीदी केन्द्रों का निरीक्षण करते हुए धान खरीदी केन्द्रो में साफ-सफाई, कम्प्यूटर की व्यवस्था, धान का बारिश से बचाव की व्यवस्था, सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने कहा। इसके साथ ही उन्होंने संवेदनशील धान खरीदी केन्द्रों की जानकारी ली तथा आवश्यकतानुसार संवेदनशील धान खरीदी केन्द्रों में संबंधित अधिकारी-कर्मचारियों का फेरबदल करने कहा।

उन्होंने उपस्थित सभी तहसीलदारों को अपने क्षेत्रों के धान खरीदी केन्द्रों का जानकारी रखने तथा किसी भी प्रकार की गड़बड़ी पाए जाने पर नियमानुसार तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को समिति के ऑपरेटरों की भी बैठक लेकर आवश्यक निर्देश देने कहा। इसके साथ बैठक में विगत वर्ष की अपेक्षा धान के स्थान पर अन्य फसल लेने वाले किसानों की जानकारी, समिति स्तर पर आवश्यक तैयारी, परिवहनकर्ता से अनुबंध की स्थिति, धान खरीदी के साथ ही कस्टम मिलिंग कराने की तैयारी, धान खरीदी में संभावित संवेदनशील मामले, संवेदनशील खरीदी केन्द्र तथा संवेदनशील स्टाफ की पहचान सहित अन्य महत्वपूर्ण बिन्दूओं पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में कलेक्टर ने धान खरीदी कार्यों में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी से बचने के लिए शाम 6 बजे के बाद सोसाईटी में धान खरीदी न करने तथा शाम 6 बजे के बाद अवैध धान परिवहन पर विशेष निगरानी रखे जाने के निर्देश दिए है। बैठक में सक्ती कलेक्टर सुश्री नुपूर राशि पन्ना, वनमंडलाधिकारी श्री सौरभ सिंह, जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ फरिहा आलम सिद्दीकी, अपर कलेक्टर श्री एस पी वैद्य सहित खाद्य अधिकारी, जिला विपणन अधिकारी तथा अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

जिले में धान खरीदी से संबंधित शिकायतों के लिए कन्ट्रोल रूम होगा स्थापित –
     बैठक में कलेक्टर ने धान खरीदी कार्य से संबंधित किसी भी प्रकार की शिकायत के लिए जिला स्तरीय कन्ट्रोल रूम स्थापित करने के निर्देश दिए है। कन्ट्रोल रूम की शुरूआत धान खरीदी कार्य के पूर्व किया जाएगा।
गिरदावरी के अंतिम सूची का एक अक्टूबर को होगा प्रकाशन
एक से 10 अक्टूबर तक किया जा सकता है दावा आपत्ति

      बैठक में कलेक्टर श्री सिन्हा ने कहा कि गिरदावरी कार्य पूर्ण कर खसरा एवं भूइयां साफ्टवेयर में प्रविष्टि के लिए 30 सितम्बर 2022 तक अंतिम तिथि निर्धारित की गई है, इसलिए सभी संबंधित अधिकारी-कर्मचारी 30 अक्टूबर तक गिरदावरी का कार्य पूर्ण करें। इसके पश्चात गिरदावरी की अंतिम सूची का प्रकाशन ग्राम पंचायत, तहसील कार्यालय और संबंधित सोसाईटी में 1 अक्टूबर को किया जाएगा। इसके बाद गिरदावरी की अंतिम सूची में किसी भी प्रकार की त्रुटि होने पर संबंधित किसान 1 से 10 अक्टूबर तक तहसील कार्यालय में दावा-आपत्ति कर सकते है। कलेक्टर ने सभी राजस्व अधिकारियों को दावा-आपत्ति के प्राप्त आवेदनों का निर्धारित समय सीमा में प्राथमिकता से निराकरण करने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही कलेक्टर ने गिरदावरी के अंतिम सूची का कोटवारो के माध्यम से जमीनी स्तर पर व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करते हुए पंचनामा भी कराने के निर्देश दिए हैं। जिससे गिरदावरी कार्य में किसी भी प्रकार की त्रुटि पाए जाने पर किसानों के हित में इसका निर्धारित समय-सीमा में निराकरण किया जा सके। इसके साथ ही बैठक में कलेक्टर ने गिरदावरी कार्य में पिछले वर्ष और इस वर्ष में रकबा और किसानों की संख्या में आ रहे अंतर की जानकारी उपलब्ध कराने कहा।

By Shri Mi
Follow:
पत्रकारिता में 8 वर्षों से सक्रिय, इलेक्ट्रानिक से लेकर डिजिटल मीडिया तक का अनुभव, सीखने की लालसा के साथ राजनैतिक खबरों पर पैनी नजर
close