रायपुर।राजधानी के राजीव भवन(Rajiw Bhawaan) की तर्ज पर अब जिलों के दौरे में भी कैबिनेट मंत्रियों(Cabinet Ministers) की मौजूदगी में जन सुनवाई शुरू करने की तैयारी हो रही है। इस निर्णय के बाद जिलों में जाने वाले मंत्री अब सिर्फ सरकारी कार्यक्रमों तक ही सीमित नहीं रहेंगे। प्रदेश कांग्रेस(Congress) कार्यकारिणी की बैठक में हुई चर्चा के अनुसार अब मंत्रियों के जिला मुख्यालयों के दौरे के समय स्थानीय पार्टी कार्यालयों में मौजूदगी भी सुनिश्चित की जा रही है। मंत्रियों को कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को भी कुछ समय देना होगा। जानकारी के मुताबिक संगठन जल्द ही इस पर विधिवत फैसला लेगा।
कैबिनेट मंत्रियों के दौरे में स्थानीय जिला कांग्रेस संगठन को सूचना नहीं देने की शिकायतों को भी दूर करने की व्यवस्था होगी। कुछ मंत्री जरूर अपने दौरे में स्थानीय संगठन को सूचना देते रहे हैं। सत्ता और संगठन में तालमेल को लेकर इस पर जल्द ही निर्णय लिए जाने के संकेत हैं। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार मंत्रियों को जिला मुख्यालय के दौरे में सरकारी कार्यक्रमों से समय निकालकर जिला कांग्रेस के दफ्तर में भी बैठना होगा।