रायपुर। छत्तीसगढ़ में पिछले तीन साल से ट्रांसफर पर बैन लगा हुआ है। जिसे हटाने के लिए आज सीएम से अनुमति मिल सकती है। इसके लिए मंत्रिमंडलीय उप समिति की आज शाम अहम बैठक होने जा रही है। समिति अपनी रिपोर्ट मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को सौंपेगी।आपको बता दें कि, कैबिनेट की बैठक में ट्रांसफर पर लगी रोक हटाने मंत्रिमंडलीय उप समिति गठित करने का फैसला किया गया था। गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू की अध्यक्षता में चार सदस्यीय मंत्रियों की उप समिति बनाई गई थी। इनमें मोहम्मद अकबर, प्रेमसाय सिंह और अनिला भेड़िया शामिल हैं। समिति की एक बैठक हो चुकी है।
दूसरी और निर्णायक बैठक आज शाम तीन बजे होने जा रही है। वैसे, पिछली बैठक में ट्रांसफर का मोटे तौर पर प्रारूप और शर्तें तैयार कर ली गई थी। आज इसे अंतिम रूप दिया जाएगा। जानकारी के अनुसार समिति आज मुख्यमंत्री को रिपोर्ट सौंप देगी। जिसके बाद सीएम बघेल इसकी अधिकारिक घोषणा कर सकते है।