कलेक्टर ने किया डोंगरगढ़ और छुरिया के धान उपार्जन केन्द्रों का निरीक्षण,धान उठाव में तेजी लाने के दिए सख्त निर्देश

Shri Mi
3 Min Read

राजनांदगांव। कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा ने आज विकासखंड डोंगरगढ़ एवं छुरिया के धान उपार्जन केन्द्रों का निरीक्षण कर धान के उठाव में तेजी लाने तथा धान को बारिश से बचाने के लिए सभी पुख्ता इंतजाम करने के सख्त निर्देश दिए। कलेक्टर श्री सिन्हा ने आज डोंगरगढ़ विकासखंड के सड़क चिरचारी, चारभाठा, बोरतालाव और छुरिया विकासखंड के खोभा धान खरीदी केन्द्र का निरीक्षण किया। उन्होंने धान खरीदी केन्द्र में संग्रहित धान की जानकारी लेते हुए तेजी से उठाव करने के निर्देश दिए। उन्होंने जिला विपणन अधिकारी को ट्रांसपोर्टरों और मिलर्स से धान उठाव कराने के लिए निर्देशित किया। धान को ढकने के लिए कैप कव्हर की पर्याप्त व्यवस्था होनी चाहिए। धान खुले में नहीं होना चाहिए। स्टेकिंग के चारो ओर नाली बनाएं। उन्होंने केन्द्र में किसानों की पंजीयन संख्या, धान खरीदी की मात्रा, हमाल व प्रतिदिन उठाव के लिए लगने वाली गाडिय़ों की जानकारी ली। उन्होंने सभी एसडीएम को धान उपार्जन केन्द्रों में धान उठाव का निरीक्षण करने के लिए कहा।

Join Our WhatsApp Group Join Now

कलेक्टर श्री सिन्हा ने धान खरीदी केन्द्र में खाद-बीज के विक्रय की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि निर्धारित दर से अधिक मूल्य में खाद विक्रय की शिकायत नहीं मिलनी चाहिए। इसके साथ ही वर्मी कम्पोस्ट का विक्रय अधिक से अधिक करें। किसानों को खाद आसानी से मिल सके यह सुनिश्चित करें। सोसायटी प्रबंधकों ने बताया कि खाद की उपलब्धता पर्याप्त मात्रा में है और इसका विक्रय भी किया जा रहा है। कलेक्टर सिन्हा ने राजीव गांधी किसान न्याय योजना के तहत किसानों को मिलने वाली राशि की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि इस योजना के तहत धान के बदले अन्य फसल लगाने से प्राप्त होने वाले प्रोत्साहन राशि की जानकारी किसानों को दें और उन्हें धान की जगह दलहन एवं तिलहन की फसल लेने के लिए प्रेरित करें। बोरतालाव समिति प्रबंधक ने बताया कि लगभग 75 प्रतिशत खाद का विक्रय कर दिया गया है। इसके साथ वर्मी कम्पोस्ट का भी विक्रय किया जा रहा है। इस अवसर पर एसडीएम डोंगरगढ़ अविनाश भोई, महाप्रबंधक जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक सुनील वर्मा, जिला विपणन अधिकारी सौरभ भारद्वाज सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।  

By Shri Mi
Follow:
पत्रकारिता में 8 वर्षों से सक्रिय, इलेक्ट्रानिक से लेकर डिजिटल मीडिया तक का अनुभव, सीखने की लालसा के साथ राजनैतिक खबरों पर पैनी नजर
close