कमिश्नर त्रिपाठी ने किया जोन प्रभारियों को आगाह …दिशा निर्देशों का करना होगा गंभीरता से पालन.. खंजाची को बनाया..अभियान का नोडल प्रभारी

BHASKAR MISHRA
4 Min Read
बिलासपुर—डेंगू के रोकथाम और बचाव को लेकर निगम ने अभियान छेड़ते हुए जरूरी दिशा निर्देश जारी किया है। कमिश्नर ने सभी  जोन प्रभारियों को डेंगू प्रकोप को गंभीरता लेने का सख्त आदेश जारी किया है। साथ ही लोगों के बीच जागरूकता पैदा करने स्वास्थ्य सेवाओं को चुस्त दुरूस्त रखने के साथ बैनर पोस्टर अभियान चलाने को कहा है। कमिश्नर ने आदेश जारी कर उपायुक्त खजांची कुम्हार को नोडल अधिकारी बनाया है।
           
                         डेंगू के संभावित खतरे को देखते हुए नगर निगम प्रशासन ने प्रयास तेज कर दिया है। इसी क्रम में निगम कमिश्नर अजय त्रिपाठी ने सभी जोन प्रभारियों को खतरे को देखते हुए जरूरी दिशा निर्देश दिया है। डेंगू से बचने को लेकर विशेष अभियान चलाए जाने की बात कही है। साथ अभियान पर सतत निगरानी रखने कमिश्नर त्रिपाठी ने निगम उपायुक्त खजांची कुम्हार को नोडल की जिम्मेदारी दी है।
 
              कमिश्नर त्रिपाठी ने बताया कि डेंगू जैसे संक्रामक बीमारी के रोकथाम और बचाव के लिए स्वास्थ्य व्यवस्था को चुस्त बनाने के साथ ही जागरूकता अभियान चलाया जाना बहुत ही जरूरी है। सभी जोन कमिश्नरों को निर्देश दिया गया है कि अपने-अपने जोन क्षेत्र में डेंगू से बचाव और रोकथाम के लिए समुचित प्रयास करें। जोन क्षेत्र अंतर्गत जहां भी पानी से भरे  गड्ढे देखें..तत्काल पाटे जाएं। कहीं भी पानी का जमाव नहीं होने दिया जाए।
 
          जमा हुए पानी में बर्न आयल का छिड़काव किया जाए। सभी वार्डों में नियमित रूप से फॉगिंग और एंटी लार्वा का छिड़काव पर ध्यान दिया जाए। वार्डों की नालियों का सतत् रूप से माॅनिटरिंग करते बहाव पर ध्यान दिया जाए..दैनिक जानकारी नियमित रूप से नोडल अधिकारी तक पहुंचाया जाए।
 
               वार्डों में विशेष अभियान चलाते हुए साफ सफाई पर विशेष ध्यान रखें। नागरिकों को जागरूक करने बैनर पोस्टर अभियान चलाया जाए। स्लोगन के माध्यम से आम जनता के बीच डेंगू  के खतरे और बचाव की जानकारी दी जाए। त्रिपाठी ने कहा जनप्रतिनिधियों के साथ सभी जिम्मेदार कर्मचारी रोग का पता लगाएं। मितानिनों के साथ डोर डोर सर्वे करें। स्वास्थ्य विभाग के साथ समन्वय बनाकर डेंगू के रोकथाम और बचाव के लिए समुचित प्रयास करें।
 
मोबाइल यूनिट को किया अलर्ट
 
             कमिश्नर अजय त्रिपाठी ने मेडिकल मोबाइल यूनिट की टीम को मरीजों के लक्षण पर नज़र बनाएं रखने को कहा है।  डेंगू के लक्षण मिलते ही तत्काल स्वास्थ्य विभाग को सूचित करने के निर्देश कर्मचारियों को दिए है।
 
बैनर और पांफ्लेट भी बांटा जाएगा
 
            कमिश्नर ने बताया कि नगर निगम ने आमजन को डेंगू से बचाव और रोकथाम के लिए जागरूक करने शहर के चौक चौराहों और घनी बस्ती क्षेत्रों में होर्डिंग्स लगाने आदेश दिया है। इसके जरिए आम जनता को डेंगू के लक्षण,बचाव के तरीकों के बारे में बताया जाएगा। इसके अलावा घरों में पांफ्लेट बांटे जाएंगे।
 
सावधानी के ऱखने के साथ रहें जागरूक
 
              कमिश्नर ने शहरवासियों से अपील किया कि स्वास्थ्य विभाग के दिशा निर्देशों और ज़रूरी उपाय कर डेंगू को रोक सकते है। इसके लिए घर या घर के आस-पास किसी भी जगह में पानी जमाव ना होने दें। सफाई का विशेष ध्यान रखें। दवाईयों का छिड़काव करने पहुंचे कर्मचारी का सहयोग करें।

Join Our WhatsApp Group Join Now
close