रायपुर।प्रदेश में 1 मार्च 2021 से 30 नवंबर 2021 तक कोरोनावायरस से 11 हजार से अधिक लोगों की मौत हुई है। 98 सौ से अधिक लोगों के आश्रितों को मुआवजा राशि दी गई है। यह जानकारी स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव ने एक प्रश्न के लिखित उत्तर में दी। कांग्रेस सदस्य अरुण वोरा के सवाल के लिखित जवाब में मंत्री ने बताया कि प्रदेश में कोरोना से 11761 लोगों की मौत हुई है और 9892 मृतक के आश्रितों को मुआवजा राशि दी गई है। एक अन्य सवाल के लिखित जवाब में स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि प्रदेश में 18 नवंबर 2021 तक 10 लाख 6 हजार 459 लोग कोरोना पीड़ित हुए हैं।
उन्होंने यह भी बताया कि 9 लाख 90 हजार 274 मरीज ठीक हुए हैं। 15913 कोरोना मरीजों की मृत्यु हो चुकी है। मंत्री ने बताया कि कोरोना से मृत लोगों के आश्रितों के 16475 मुआवजे के आवेदन प्राप्त हुए थे इनमें से 11579 प्रकरण का निपटारा किया गया। 5166 आवेदन बाकी है। उन्होंने यह भी बताया कि कुल मिलाकर 40 करोड़ 78 लाख 50 हजार से अधिक मुआवजा दिया गया है।