सालों बाद भी नहीं मिला अरपा भैंसाझार का मुआवजा..सवा सौ से अधिक लोगों ने लगाई कलेक्टर से गुहार..कुछ ने जताया आभार

BHASKAR MISHRA

बिलासपुर—मंथन सभागार में जनदर्शन कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर अवनीश शरण ने दूर दूर से पहुंचे फरियादियों की फरियाद को सुना। लोगों की समस्याओं को संबंधित अधिकारियों को तत्काल निराकरण करने का निर्देश दिया। इस दौरान कलेक्टर ने करीब सवा सौ अधिक आवेदनों का निराकरण किया। इसके अलावा जनदर्शन में कई ऐसे लोग भी पुहंचे जिनकी समस्या सालों साल बाद दूर हुई। खुश फरियादियों ने कलेक्टर के प्रति आभार जाहिर किया।

Join Our WhatsApp Group Join Now

मंथन सभागार में आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन कार्यक्रम में कलेक्टर अवनीश शरण ने करीब सवा सौ से अधिक लोगों की समस्याओं को सुना। ग्रामीण, किसान और आमजनों से मुलाकात के दौरान सभी की समस्याओं को कलेक्टर ने ना केवल सुना बल्कि तत्काल निराकरण का आदेश भी दिया।

कलेक्टर को रतनपुर निवासी भागबली पटेल ने बताया कि अरपा भैसाझार बैराज परियोजना में जमीन अधिग्रहण के बाद आज तक मुआवजा की राशि नहीं मिली है। कलेक्टर ने तत्काल कोटा एसडीएम को निराकरण का आदेश दिया। अटल आवास सकरी निवासी सालिक राम बंजारे ने बैटरी चलित ट्राईसिकल प्रदान करने की गुहार लगाई। कलेक्टर ने समाज कल्याण विभाग को समस्या दूर किए जाने की बात कही। अमेरी निवासी शिवकुमारी चंद्राकर ने बताया कि आवेदन के बाद भी प्रधानमंत्री आवास येाजना का लाभ नहीं मिला है।

कलेक्टर ने आवेदन को तत्काल नगर निगम आयुक्त को मामले का निराकरण करने को कहा। विनोबा नगर निवासी मांडवी शर्मा ने अवैध कब्जा हटाने की मांग को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने एसडीएम बिलासपुर को जरूरी दिशा निर्देश दिया। मस्तुरी पाराघाट निवासी जितेंद्र कुमार सोनी ने भूमि का ऑनलाईन एवं ऑफलाईन रिकार्ड दुरूस्तीकरण की मांग को लेकर कलेक्टर ने एसडीएम मस्तुरी को आवश्यक कार्यवाही करने को कहा। पेंशन मामले के आवेदनों को लेकर कलेक्टर ने संबधित अधिकारियों को कार्रवाई करने को कहा।

फरियादी ने जताया आभार

सालों से मुआवजा राशि के लिए भटक रहे सिरगिटटी निवासी अनवर अहमद को जनदर्शन में आवेदन देने पर राहत मिली। मुआवजा राशि मिलने पर अहमद ने जनदर्शन कार्यक्र में पहुंचकर कलेक्टर अवनीश शरण के प्रति आभार जाहिर किया। अहमद ने बताया कि पिछले दिनों जनदर्शन में मुआवजा राशि दिलाने कलेक्टर से गुहार लगायी थी। अहमद को लगभग सवा दो लाख रूपए का भुगतान किया गया।

          अनवर अहमद ने बताया कि 2002 में बब्बन खैरवार के गन्ना रस दुकान में काम करते थे। काम करने के दौरान 6 मई 2002 को उनका पूरा हाथ मशीन में फंसने क्षतिग्रस्त हो गया। इसके बाद न्याय पाने के लिए जगह जगह  चक्कर लगाया। श्रम न्यायालय से फैसला के बाद भी न्याय नहीं मिला। 5 जनवरी 2024 को कलेक्टर अवनीश शरण के सामने गुहार लगायी। कलेक्टर ने तत्काल संज्ञान लेकर सहायक श्रमायुक्त और नगर निगम भवन अधिकारी को नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा।  24 जनवरी को बब्बन खैरवार ने ब्याज सहित लगभग सवा दो लाख रूपए का भुगतान किया है।

close