IG की चुनावी कार्यशाला..विशेषज्ञों ने बताया..कैसे करें आदर्श संहिता का पालन..और इस बात का रखें विशेष ध्यान

BHASKAR MISHRA
2 Min Read

बिलासपुर— पुलिस महानिरीक्षक डाॅ. संजीव शुक्ला के निर्देश पर रेंज स्तरीय पुलिस अधिकारियों का एक दिवसीय निर्वाचन प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला को राज्य स्तरीय मास्टर ट्रेनर ने पीपीटी के माध्यम से पुलिस अधिकारियों को प्रशिक्षित किया। इस दौरान उपस्थित अधिकारियों को आदर्श आचार संहिता का सख्ती से पालन करने का निर्देश दिया गया। निर्वाचन से संबंधित शिकायतों को तत्काल निराकरण करने को कहा गया।

Join Our WhatsApp Group Join Now

लोकसभा निर्वाचन-2024 के मद्देनजर पुलिस महानिरीक्षक डॉ.संजीव शुक्ला के निर्देश पर बिलासपुर रेंज जिलों के पुलिस राजपत्रित अधिकारियों, थाना प्रभारियों, निरीक्षकों के लिए कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का आयोजन रक्षित केन्द्र बिलासपुर सभागार में किया गया।

रेंज स्तरीय प्रशिक्षण कार्यशाला को पुलिस कप्तान रजनेश सिंह ने संबोधित किया। पुलिस कप्तान ने बताया कि 7 मई, 2024 को बिलासपुर रेंज के लोकसभा क्षेत्र बिलासपुर, रायगढ़, कोरबा और जांजगीर-चांपा में मतदान होगा। इस दौरान पुलिस की जिम्मेदारी बढ़ जाती है। इन्ही जिम्मेदारियों के मद्देनजर पुलिस अधिकारियों के लिए विशेष कार्यशाला का आयोजन किया गया है।

रजनेश सिंह ने बताया कि आदर्श आचार संहिता लागू होने के बाद कानून व्यवस्था सुनिश्चित करना हमारी महति जिम्मेदारी है। इस दौरान पुलिस कप्तान ने चुनाव से जुड़ी गतिविधियों समेत स्ट्रांग रूम सुरक्षा,निर्वाचन संबंधी अपराधों के बारे में बताया। साथ ही संवेदनशील, क्रिटिकल केन्द्रों के बारे में बताया।

पुलिस महानिरीक्षक,डाॅ संजीव शुक्ला ने प्रशिक्षण सत्र के उद्देश्य पर प्रकाश डाला। उन्होने बताया कि आदर्श आचार संहिता 16 मार्च 2024 को लागू हो गया है। निर्वाचन आयोग के सभी निर्देशों का कड़ाई से पालन करना हम सब की जिम्मेदारी है। निर्वाचन शांतिपूर्ण व निष्पक्ष हो इसके हेतु निर्वाचन आयोग के निर्देशों की जानकारी सभी को होनी चाहिए। रेंज स्तरीय प्रशिक्षण के पश्चात अगले चरण में जिले के अन्य अधिकारियों सहित प्रधान आरक्षक, आरक्षकों और विशेष पुलिस अधिकारियों को प्रशिक्षित किया जाएगा।।

close