राजधानी में दिनदहाड़े युवती से छेड़छाड़ की घटना से पुलिस प्रशासन की पोल खुली,विधानसभा अध्यक्ष के निवास के बाहर इस तरह की घटना,अपराधियों के हौसले बुलंद पुलिस का खौफ भी नहीं

Shri Mi
2 Min Read

रायपुर।भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष शालिनी राजपूत व महिला मोर्चा की प्रदेश महामंत्री विभा अवस्थी ने प्रदेश की नाकाम सरकार और पुलिस प्रशासन के कार्य प्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि आज महिलाएं कहीं भी सुरक्षित नहीं है, प्रदेश में हर तरफ अपराध लगातार बढ़ रहे हैं लेकिन प्रदेश की सरकार कुर्सी दौड़ में अपना पूरा ध्यान लगा रही है। प्रदेश की कांग्रेस सरकार इन अपराधों को रोकने में पूरी तरह से नाकाम साबित हुई है। भाजपा महिला मोर्चा ने कहा कि विधानसभा अध्यक्ष के निवास के बाहर एक युवती से दो युवक दिनदहाड़े छेड़छाड़ कर रहे थे और पुलिस को इस घटना की जानकारी तक नहीं थी। शंकर नगर स्थित विधानसभा अध्यक्ष का निवास हमेशा पुलिस की सुरक्षा में रहता है। इस तरह की घटना होना पुलिस प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठाता है। भाजपा महिला मोर्चा ने कहा कि प्रदेश में इस तरह की घटना होना एवं महिला सुरक्षा को लेकर प्रदेश सरकार की संवेदनहीनता यह दर्शाता है कि प्रदेश की सरकार नाकाम है साथ ही पुलिस प्रशासन इस तरह की घटना को रोकने में असफल साबित हो रही है। विधानसभा अध्यक्ष के निवास के अलावा वहां पर वन मंत्री का भी निवास स्थान है साथ ही कुछ दूरी पर आईजी का दफ्तर भी है लेकिन पुलिस को उक्त घटना की जानकारी नहीं थी।

Join Our WhatsApp Group Join Now

भाजपा महिला मोर्चा ने कहा कि विधानसभा चुनाव में अपने घोषणा पत्र में वादों को पूरा करने में असफल सरकार आज महिलाओं की सुरक्षा के लिए उचित कदम उठाने में भी नाकाम साबित हुई है। राजधानी रायपुर में इस तरह की घटना होना पुलिस प्रशासन की लापरवाही को दर्शाता है। भाजपा महिला मोर्चा ने कहा कि छत्तीसगढ़ अब अपराधियों के लिए अपराध का नया घर बन गया है। प्रदेश में पूर्ण शराबबंदी का वादा करने वाली सरकार आज घर-घर शराब पहुंचा रही है लेकिन महिला सुरक्षा के नाम पर उचित कदम उठाने के लिए अभी तक कोई नहीं ले पा रही है।

By Shri Mi
Follow:
पत्रकारिता में 8 वर्षों से सक्रिय, इलेक्ट्रानिक से लेकर डिजिटल मीडिया तक का अनुभव, सीखने की लालसा के साथ राजनैतिक खबरों पर पैनी नजर
close