मुख्यमंत्री का यह आखिरी चुनाव, 10 नवंबर को विदाई तय-दीपंकर

Shri Mi
3 Min Read

पटना।भारत की कम्युनिस्ट पार्टी मार्क्सवादी-लेनिनवादी (भाकपा-माले) के राष्ट्रीय महासचिव दीपंकर भट्टाचार्य ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के इस विधानसभा चुनाव को आखिरी बताने को लेकर कटाक्ष किया और कहा कि राज्य की जनता ने तय कर लिया है कि यह श्री कुमार का अंतिम चुनाव है और 10 नवंबर को उनकी विदाई तय है।श्री भट्टाचार्य ने शुक्रवार को यहां संवाददाता सम्मेलन में कहा कि आखिरी समय में जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार ने कहा कि उनका यह आखिरी चुनाव है, फिर सफाई भी दी कि अंत भला तो सब भला। इसका मतलब है कि श्री कुमार खुद मान रहे हैं कि पिछले दो चरण के चुनाव में जो हुआ वह अच्छा नहीं रहा या उनके पिछले 15 वर्ष के कार्यकाल में बिहार में जो चल रहा है, वह अच्छा नहीं है। जो हो, बिहार ने तो तय कर लिया है कि यह मुख्यमंत्री श्री कुमार का आखिरी चुनाव है और 10 नवम्बर को उनकी विदाई तय है।

Join Our WhatsApp Group Join Now

भाकपा-माले के राष्ट्रीय महासचिव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहारवासियों के नाम चिट्ठी तक लिख डाली। वह वाल्मिकी नगर में बोल कर गए कि कश्मीर को भ्र्ष्टाचार से मुक्त कर देंगे। अब बिहार चुनाव का कश्मीर से क्या संबंध है, किसी को समझ मे नहीं आया। अंत समय मे उन्होंने जो साम्प्रदायिक टिप्पणी की वह बहुत गलत है। उनकी इस प्रकार की तमाम टिप्पणियों को बिहार की जनता खारिज करेगी.

श्री भट्टाचार्य ने कहा कि बिहार की जनता में बदलाव का जबरदस्त संकल्प है और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के खिलाफ गुस्से का महाविस्फोट दिख रहा है। यह आक्रोश महागठबन्धन के पक्ष में जा रहा है और बिहार की जनता निर्णायक जनादेश महागठबन्धन को दे रही है। उन्होंने कहा कि लॉकडाउन में मोदी-नीतीश सरकार ने जो किया उसके खिलाफ सम्पूर्ण उत्तर-पूर्वी बिहार में काफी गुस्सा है। पहले और दूसरे चरण की तरह तीसरे चरण में भी बिहार की जनता भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और जदयू सरकार को सबक सिखाएगी।

भाकपा-माले महासचिव ने कहा कि आज पूरी दुनिया की नजर अमरीकी चुनाव परिणाम पर है। यदि मतगणना सही से हो तो डोनाल्ड ट्रम्प की विदाई तय है। इससे पूरी दुनिया में एक बेहतर संदेश आएगा। उन्होंने कहा कि श्री नरेंद्र मोदी की सरकार में विदेश नीति को दो देशों की बजाय दो नेताओं के संबंधों में गिरा दिया गया। श्री मोदी ने श्री ट्रम्प के लिए प्रचार किया, जो गलत था। ऐसी प्रवृति हिंदुस्तान के लिए नुक्सानदेह साबित हो रही है।

By Shri Mi
Follow:
पत्रकारिता में 8 वर्षों से सक्रिय, इलेक्ट्रानिक से लेकर डिजिटल मीडिया तक का अनुभव, सीखने की लालसा के साथ राजनैतिक खबरों पर पैनी नजर
close