LIVE: Prime Minister Narendra Modi addresses Party Karyakartas from BJP Headquarters

Shri Mi
4 Min Read

भोपाल। मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव की मतगणना जारी है और भाजपा की लगातार बढ़त और बढ़ती जा रही है। भाजपा अब तक 83 सीटों पर जीत दर्ज कर चुकी है, वहीं 81 सीटों पर वह आगे चल रही है।वहीं कांग्रेस 21 सीटों पर जीत चुकी है और अब 44 सीटों पर आगे है।

Join Our WhatsApp Group Join Now

राज्य में विधानसभा की 230 सीट हैं और उन पर मतगणना का दौर जारी है।

पहले पोस्टल बैलेट की गणना हुई और उसके बाद ईवीएम खुलने का सिलसिला शुरू हुआ।राज्य की 83 सीटों पर भाजपा जीत दर्ज कर चुकी है। केंद्रीय मंत्री प्रहलाद पटेल, मऊगंज से भाजपा के प्रदीप पटेल, कालापीपल से घनश्याम चंद्रवंशी, नेपानगर से मंजू राजेंद्र दादू और रतलाम से चेतन कश्यप ने जीत दर्ज की है।वहीं भाजपा को जिन स्थानों पर बड़ी बढ़त मिली है उनमें दिमनी से केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर शामिल हैं।राज्य की वर्तमान स्थिति को देखें तो पता चलता है कि कांग्रेस 21 सीटों पर जीत चुकी है जबकि अभी 44 सीटों पर बढ़त बनी हुई है।

भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने मध्य प्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ की जीत को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व पर जनता के विश्वास की मुहर बताते हुए इन तीनों राज्यों की जनता के प्रति आभार व्यक्त किया है।

नड्डा ने मध्य प्रदेश की जनता को नमन करते हुए एक्स पर पोस्ट कर कहा, “मध्य प्रदेश की जनता को नमन! मध्य प्रदेश में भाजपा की ऐतिहासिक जीत के लिए प्रधानमंत्री की नीतियों, भाजपा की विचारधारा को जनता का समर्थन का प्रमाण है। इस प्रचण्ड जीत के लिए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा और अपना सबकुछ पार्टी के लिए समर्पित करने वाले कार्यकर्ताओं को हृदय से बधाई। डबल इंजन की सरकार मध्य प्रदेश को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकास की यात्रा पर अनवरत आगे ले जाती रहेगी।”

राजस्थान की जीत को तुष्टिकरण, अराजकता और भ्रष्टाचार के विरुद्ध जनादेश बताते हुए नड्डा ने पोस्ट कर कहा, “खम्मा घणी राजस्थान! राजस्थान में भाजपा की भव्य विजय के लिए प्रदेश की जनता को हार्दिक धन्यवाद। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राजस्थान की जनता ने सेवा, सुशासन और विकास पर मुहर लगाई है।

कांग्रेस के तुष्टिकरण, अराजकता और भ्रष्टाचार के विरुद्ध यह जनादेश प्रदेश में भाजपा के नेतृत्व में विकास और जनकल्याण का नया सवेरा है। मैं भाजपा के नेतृत्व और सभी कार्यकर्ताओं को हार्दिक बधाई देता हूं और जनता का आभार प्रकट करता हूं।”

छत्तीसगढ़ की जीत को प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व पर जनता के विश्वास की मुहर बताते हुए नड्डा ने पोस्ट कर कहा, “छत्तीसगढ़ महतारी की जय! भारतीय जनता पार्टी को मिला यह जनादेश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व पर जनता के विश्वास की मुहर है। यह परिणाम दर्शाता है कि कांग्रेस के भ्रष्टाचार, अराजकता, वादाखिलाफी और तुष्टिकरण के खिलाफ प्रदेश की जनता ने भाजपा के ‘सबका-साथ, सबका-विकास, सबका-विश्वास, सबका-प्रयास’ के मंत्र को समर्थन दिया है। भाजपा के 15 वर्ष के विकास रथ को प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने रोक रखा था। अब हम पीएम मोदी के मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़ को और गति के साथ विकास के पथ पर अग्रसर करेंगे। इस जीत के लिए छत्तीसगढ़ भाजपा के नेतृत्व और समस्त कर्मठ कार्यकर्ताओं को हृदय से बधाई देता हूं और प्रदेश की जनता को शुभकामनाएं।”

By Shri Mi
Follow:
पत्रकारिता में 8 वर्षों से सक्रिय, इलेक्ट्रानिक से लेकर डिजिटल मीडिया तक का अनुभव, सीखने की लालसा के साथ राजनैतिक खबरों पर पैनी नजर
close