Police Promotion:55 पुलिस जवानों को “आउट आफ टर्न प्रमोशन”,CM ने कही ये बड़ी बात

Shri Mi
4 Min Read

Police Promotion/ भोपाल।मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान (CM Shivraj Singh Chauhan) ने आज पुलिस लाइन बालाघाट (Balaghat News) में आयोजित कार्यक्रम में 55 जवानों को “आउट आफ टर्न प्रमोशन” देकर सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सही अर्थों में पुलिस के जवानों के लिए प्रमोशन शब्द छोटा है। मैं आज वीरता का सम्मान करने आया हूं, मैं वीरों की पूजा करने आया हूँ। वीरता का सम्मान नहीं हुआ, तो वीरता बांझ हो जायेगी। आपको मध्य प्रदेश की साढ़े 8 करोड़ जनता की ओर से सैल्यूट करता हूँ।

Join Our WhatsApp Group Join Now

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा है कि हाक फोर्स एवं पुलिस के जवानों ने कठिन एवं विपरीत परिस्थियों में नक्सलियों को नस्तनाबूद कर उनके नेटवर्क को समाप्त कर दिया है। वर्ष 2022 में 01 करोड़ 18 लाख रुपये के 6 ईनामी नक्सलियों को मार गिराने में हमारे जवानों को सफलता मिली है। ऐसे वीर जवानों की वीरता का सम्मान करने आज मैं बालाघाट आया हूँ। अपने वीर जवानों के सम्मान के लिए मैं अपनी सारी व्यस्तताएँ कुर्बान कर दूँगा, लेकिन जवानों के सम्मान में कोई कमी नहीं आने दूँगा। राज्य सरकार नक्सल उन्मूलन में जान की बाजी लगाने वाले हमारे जांबाज वीर जवानों को क्रम से पूर्व (आउट आफ टर्न) प्रमोशन देकर उनका सम्मान कर रही है और उन्हें सेल्यूट कर रही है। हम पुलिस एवं सुरक्षा बलों के जवानों के जज्बे को सलाम करते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज पुलिस जवानों को आउट आफ टर्न प्रमोशन देने का अद्भुत अवसर है। इन जवानों के विपरीत परिस्थितियों में कठिन परिश्रम से हमारे गाँव एवं शहर सुरक्षित है। जब हम अपने घरों में परिवार के साथ तीज-त्यौहार मना रहे होते हैं, तब हमारे जवान घने जंगलों एवं पहाड़ों पर अपनी जान जोखिम में डाल कर हमारी सुरक्षा में लगे रहते हैं। उन्होंने पुलिस एवं हाक फोर्स के जवानों से कहा कि जब भी वे जंगल में नक्सल उन्मूलन अभियान में जायें तो स्वयं को अकेला न समझें, मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान और मध्यप्रदेश की सरकार भी उनके साथ है।

 

2022 नक्सलियों के नेटवर्क को नेस्तनाबूद करने का साल

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2022 नक्सलियों के नेटवर्क को नेस्तनाबूद करने का साल रहा है। प्रदेश के इतिहास में पहली बार एक साल में 06 दुर्दांत नक्सलियों को मार गिराने में सफलता मिली। यह सफलता आसानी से नहीं मिली है। हमारे जवानों ने विपरीत परिस्थितियों में जान हथेली पर रख कर और सिर पर कफन बांध कर कठिन संघर्ष के बाद इस सफलता को हासिल किया है। नक्सलियों से हुई मुठभेड़ में ईनामी नक्सलियों को मार गिराने के साथ ही हथियार, नक्सली साहित्य और विस्फोटक सामग्री भी बरामद की गई है।

सीएम शिवराज ने कहा कि हमारी लड़ाई ऐसे देशद्रोही संगठन से है, जिसके सदस्य संविधान को नहीं मानते और छिप कर वार करते हैं। प्रदेश के उत्तरी इलाकों में पहले डकैतों का आतंक रहा है। हमारी सरकार ने दृढ़-इच्छाशक्ति से प्रदेश से डकैतों का सफाया कर दिया है। सिमी के नेटवर्क को समाप्त किया है। हम प्रदेश में किसी भी तरह के आतंक को बर्दाश्त नहीं करेंगे। उन्होंने कहा कि नक्सल उन्मूलन अभियान में शामिल जवानों को प्रोत्साहन भत्ता देने के साथ ही क्रम से पहले पदोन्नति दी जा रही है। राज्य सरकार के इसी प्रोत्साहन से सरकार नक्सलियों को खत्म करने में सफल हो रही है। इसमें सबसे बड़ी भूमिका हमारे पुलिस एवं सुरक्षा बल के जवानों के परिवार की माताओं एवं बहनों की होती है। उनके हौसले से ही हमारे जवान जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों को निभाते हैं। इसके लिए प्रदेश की साढ़े 8 करोड़ जनता आपकी आभारी है।

By Shri Mi
Follow:
पत्रकारिता में 8 वर्षों से सक्रिय, इलेक्ट्रानिक से लेकर डिजिटल मीडिया तक का अनुभव, सीखने की लालसा के साथ राजनैतिक खबरों पर पैनी नजर
close