प्रधानमंत्री ने दिया बिलासपुर को बड़ा तोहफा…आनलाइन किया प्रदेश को संबोधित…अमर ने कहा…मोदी ने बढ़ाया देश का सम्मान

BHASKAR MISHRA
4 Min Read

बिलासपुर—प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने विकसित भारत विकसित छत्तीसगढ़ कार्यक्रम को वीडियो कांफ्रेंसिंग कर छत्तीसगढ़ के लिए  34 हजार 427 करोड़ रूपए का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इसमें 303 करोड़ की लागत से 10.5 किलोमीटर बिलासपुर-उसलापुर फ्लाईओवर का कार्य भी शामिल है। विकसित भारत विकसित छत्तीसगढ़ के अंतर्गत जिले की सभी छह विधानसभा क्षेत्रों में कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिला स्तरीय कार्यक्रम मुंगेली नाका चौक मैदान पर बिलासपुर विधायक अमर अग्रवाल के मुख्य आतिथ्य में हुआ। बेलतरा विधानसभा क्षेत्र का कार्यक्रम बहतराई इण्डोर स्टेडियम में, बिल्हा विधानसभा क्षेत्र का कार्यक्रम मण्डी परिसर बिल्हा, कोटा में डीकेपी हाई स्कूल मैदान, मस्तुरी में हाई स्कूल मैदान खैरा (जयरामनगर) तथा तखतपुर में मण्डी प्रांगण में आयोजित किया गया।

Join Our WhatsApp Group Join Now

प्रधानमंत्री ने दिया बिलासपुर को तोहफा

कार्यक्रम को संबोधित कर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा की गरीब, किसान, युवा और नारी सशक्तिकरण से विकसित छत्तीसगढ़ का निर्माण होगा। यह आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर से बनेगा।आज छत्तीसगढ़ के विकास से जुड़ी लगभग 35 हजार करोड़ रूपए की परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया गया है। इनमें कोयला, सौर उर्जा से जुड़े और कनेक्टिविटी को लेकर अनेक प्रोजेक्ट हैं। छत्तीसगढ़ के युवाओं को रोजगार का  अवसर मिलेगा। प्रधानमंत्री ने कहा की छत्तीसगढ़ विकसित होगा तो भारत को विकसित होने से कोई नहीं रोक सकता। आने वाले पांच वर्षाें में भारत दुनिया की तीसरी आर्थिक ताकत होगी। जाहिर सी बात है कि छत्तीसगढ़ भी विकसित होगा।

राजधानी रायपुर से कार्यक्रम को मुख्यमंत्री  विष्णुदेव साय ने संबोधित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ की जनता ने आपकी गांरटी पर भरोसा किया है। आपकी गारंटी के सारे कामों को लेकर हम अग्रसर  है। 18 लाख से अधिक आवास स्वीकृत हुए है। 3 हजार 716 करोड़ रूपए की दो साल की बोनस राशि किसानों को दी गई है। साथ ही 3100 रूपए धान की कीमत देने का वायदा था, पूरा किया है।

अमर ने कहा…प्रधानमंत्री ने बढ़ाया सम्मान

इसके पहले बिलासपुर विधायक अमर अग्रवाल ने मुंगेली नाका मैदान में विकसित भारत विकसित छत्तीसगढ़ कार्यक्रम का दीप प्रज्जवलित कर शुभारंभ किया। अमर ने कहा कि पिछले लगभग 10 साल से मोदी सरकार देश की सेवा कर रही है।  प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश का सर्वांगीण विकास हो रहा है। देश का सम्मान और ताकत बढ़ा है। स्वच्छता को वीजन बनाते हुए पूरे देश में स्वच्छता के लिए एक अलख जगाने का काम प्रधानमंत्री ने किया है।

 अमर ने कहा अब कोई बिचैलियां बीच में किसी का पैसा नहीं ले सकता है। मोदी ने धुआंरहित वातावरण में खाना पकाने के लिए उज्जवला योजना के तहत  गैस सिलेण्डर प्रदान किए। महिलाओं के सशिक्तकरण के लिए प्रधानमंत्री  ने कई योजनाएं चलाई। इन सबका असर गांव, घर में दिख रहा है। लोग आश्वस्त है कि सरकार उनके साथ है। आयुष्मान कार्ड से अब गरीब व्यक्ति भी 5 लाख तक निःशुल्क इलाज करा सकता है। उन्होंने सभी वर्ग का ख्याल रखा है। नल-जल योजना के जरिए हर घर तक पानी पहुंचाया जा रहा है। छत्तीसगढ़ में 18 लाख आवासहीन परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना का फायदा मिलेगा।

नगर विधायक ने दुहराया कि पिछले 5 साल से आवास से वंचित गरीब परिवारों को अब अच्छा और पक्का मकान मिलेगा।बरसों से संजोया हुआ सपना साकार होगा। मुख्य अतिथि ने विभिन्न योजनाओं के तहत हितग्राहियों को प्रमाण पत्र, प्रतीकात्मक चेक देकर लाभान्वित किया। अग्रवाल ने शिविर में सभी स्टाॅलों का भी निरीक्षण किया। इस दौरान निगम कमिश्नर अमित गुप्ता ने स्वागत भाषण दिया।

close