नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल ने बोला सरकार पर हमला..लगाया जनता को ठगने का आरोप…बताया..केन्द्र के पैसों से खऱीदा जाता है धान

BHASKAR MISHRA
4 Min Read

बिलासपुर— छत्तीसगढ़ विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल ने प्रेसवार्ता कर प्रदेश सरकार पर हमला बोला है। चंदेल ने बताया कि जनता से ढाई हजार रूपए प्रति क्विंटल धान खरीदने का वादा किया था। सरकार ने आज तक वादा नहीं निभाया है। चंदेल ने कहा कि खुद खाद्य मंत्री ने विधानसभा पटल पर आंकड़ा पेश कर कहा है कि राज्य सरकार धान की खरीदी केन्द्र सरकार से भेजे गए रूपयों से करती है। इस दौरान चंदेल ने एक सवाल के जवाब में यह भी कहा कि केन्द्र से मिलने वाले रूपयों पर प्रदेश का संवैधानिक अधिकार है।

Join Our WhatsApp Group Join Now

 

छत्तीसगढ़ विधानसभा नेताप्रतिपक्ष नारायण चन्देल ने प्रदेश सरकार पर हमला बोला है। भाजपा कार्यालय में प्रेसवार्ता कर भूपेश सरकार पर जनता के साथ ठगी करने का आरोप लगाया है। उन्होने आरोप लगाया कि किसान परेशान है। रकब़ा कम हुआ है। लेकिन सरकार उत्पादन अधिक बता रही है। मतलब साफ है कि प्रदेश में दूसरे राज्यों का धान खपाया जा रहा है।

सरकार पर लगाया झूठ बोलने का आरोप

सवाल जवाब के दौरान चंदेल ने प्रदेश सरकार के गलत बयानी पर अफसोस जाहिर किया। साथ ही आरोप लगाया कि जनता से सरकार झूठ बोल रही है। उन्होने कहा कि मुख्यमंत्री कहते है कि केन्द्र सरकार राज्य सरकार से  80 फीसदी धान नहीं लेती है। जबकि सच्चाई तो यह है कि केंद्र सरकार ना सिर्फ राज्य का 80 फीसदी धान खरीदती है। बल्कि धान के भुगतान का तीन चौथाई हिस्सा भी देती है।

 

किसानों की परवाह नहीं

 

नेता प्रतिपक्ष ने बताया कि प्रदेश के 18 लाख से अधिक किसान प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि से वंचित हैं। लेकिन राज्य सरकार को इस बात की कोई परवाह नहीं । किसानों के कर्ज माफी का जिक्र करते हुए चंदेल ने कहा कि अभी तक राष्ट्रीयकृत बैंकों से लिए गए किसानों के कर्ज को सरकार ने माफ नहीं किया है। अन्य बैंकों के भी कर्ज का सरकार ने वादा के अनुसार कर्ज माफ नहीं किया है। 

जमीन हो रही गायब

चंदेल ने दुहराया कि राज्य सरकार किसानों के प्रति पूुरी तरह से संवेदनहीन है। गिरदावली के बाद किसानों की ना जाने कितने एकड़ जमीन गायब हो गयी है। किसान पूछ रहे हैं कि गायब जमीन के खिलाफ कहां और किसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराएं।  उन्होने बताया कि डिफॉल्टर होने के कगार पर हैं । वादे के मुताबिक किसानों को बारदाने का पैसा अभी तक नहीं दिया गया है। किसानों के सामने बड़ी समस्या है कि आखिर धान बेचे तो कैसे बेचे।

 

घोषणा पत्र से पता चल जाएगा

प्रधानमंत्री ने 2023 तक किसानों की आय दुगुनी करने का वादा किया था।  किसानों की आय दुगुनी होगी। केन्द्र सरकार लगातार अन्य कई योजनाओं के माध्यम से रूपए सीधे किसानों के खाते में डाल रही है। जवाब से बचते हुए चंदेल ने बताया कि घोषणा पत्र चुनाव के पहले सामने आ जाएगा। हम किसानों को धान का मूुल्य कितना देंगे पता चल जाएगा।

 

चंदेल ने नहीं दिया जवाब

 चंदेल ने कहा कि कांग्रेस ने किसानों से झूठा वादा किया है। धान ढाई हजार रूपये प्रति क्विवंटल खरीदने का वादा तो किया लेकिन आज भी 2183 और 2203 रूपयों में खरीदा जा रहा है। पहले सरकार तो अपना वादा निभाए। क्योंकि किसानों को जो ढाई हजार दिया जा रहा है कि वह बोनस है।

close