घबराएं नहीं…यहां गांजा शराब बेचना मुश्किल…लेकिन जान से निजात आसान…मृतक के परिजनों ने उठाई जांच पर उंगली

BHASKAR MISHRA
4 Min Read

बिलासपुर—जिले की कानून व्यवस्था पुरी तरह से चुस्त दुरूस्त है। यहां शराब गांजा बेचना नामुमकिन नहीं तो मुश्किल जरूर है। लेकिन जान से निजात आसान है। साजिश के तहत किसी पर फर्जी अपराध दर्ज करना तो बहुत ही आसान है। एक बार फिर बिलासपुर की पुलिसिंग पर सवाल उठने लगा है। तीन दिन पहले सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में अज्ञात युवक की शव की पहचान हो चुकी है। तीन आरोपी भी पकड़े गए हैं। लेकिन परिजनों ने पुलिस की जांच पड़ताल पर शक जाहिर कर सवाल खडा कर दिया है।

Join Our WhatsApp Group Join Now

जानकारी देते चलें कि तीन दिन पहले सिरगिट्टी पुलिस ने गुम्बर पेट्रोल पम्प के पास एक युवक के शव को बरामद किया। जांच पड़ताल के दौरान जानकारी मिली कि युवक ग्राम लखनपुर जिला सरगुजा का रहने वाला है। मृतक यश साहू बिलासपुर में एक कोचिंग संस्थान में यूपीएससी की तैयारी कर रहा था। शुक्रवार को पुलिस ने खुलासा किया कि यश साहू की हत्या का कारण प्रेम त्रिकोण है। हत्या में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय के हवाले से जेल दाखिल कराया गया है। 

वही मामले में मृतक का मौसा ने बिलासपुर पहुंचकर पुलिस जांच पर शक जाहिर किया है। प्रदीप गुप्ता ने बताया कि युवक बहुत मेधावी था। मंगला चौक स्थित एक संस्थान में प्रवेश लेकर यूपीएससी की तैयारी कर रहा था।

इसी दौरान उसकी पहचान कोचिंग में पढ़ रही एक लड़की से हुई। लड़के ने अपने पिता को सारी वस्तुस्थिति के बारे में चर्चा भी किया था। पिता ने समझाया कि फिलहाल अपनी पढ़ाई पर ध्यान दो। पद पाने के बाद कई लड़कियां मिलेंगी। फिलहाल तुम पढ़ाई करो।

प्रदीप गुप्ता ने पत्रकारों को बताया कि बावजूद इसके लड़की से यश का सम्पर्क रहा। संभव है कि वह फिसला भी हो। लेकिन वह शरीर से इतना मजबूत था कि तीन लोग उसे जान से मार ही नहीं सकते हैं।

प्रदीप गुप्ता ने इस दौरान पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल किया। उन्होने कहा कि पुलिस के खुलासे से वह संतुष्ट नहीं है। सवाल उठता है कि क्या कोई आटो वाला मृत व्यक्ति को अकेले आटो पर बैठाएगा। फिर एक स्थान पर लाश को फेंक कर फरार हो जाएगा।

हमें बन्द ढाबा देखना..लड़की बयान देखना

पुलिस हमें बंद ढाबा को दिखाए…जहां यश को बंधक बनाकर मारा पीटा गया। हमें लड़की का बयान भी चाहिए। अभी जांच की गुंजाइश नजर आ रही है। ऐसा लगता है कि विवेचना में जल्दबाजी हुई है। हम जानना चाहते है कि मौत में लड़की की क्या भूमिका है।

परिजन ने बताया कि हम यह भी जानना चाहते हैं कि हमारा बच्चा कहीं गलत रास्ते पर तो नहीं गया…इसकी जानकारी हमें पुलिस ही दे सकती है।

सवाल में दम

बहरहाल परिजनों के आरोप से लोगों में जमकर चर्चा एक बार फिर शुरू हो गयी है। बिलासपुर में गांजा शराब बेचना बेशक नामुमकिन हो। लेकिन मौत आसान है। क्योंकि पहले भी पुलिस धर पकड़ में कई लोगों की मौत हो चुकी है। चाहे ड्रायवर की मौत का मामला हो या जेल में मौत का ही मामला क्यों ना हो।

इन तमाम बातों को ध्यान में रखते हुए परिजनों का सवाल वाजिब है। परिजनों की मांग है कि पुलिस मृतक के परिवार को न्याय दिलाए।

 

close