रायपुर—जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ नेता ने धमतरी जिलेे के मगरलोड ब्लॉक में वेदमाता गौशाला राजाडेरा गौशाला में 200 गायों के भूख-प्यास से दम तोड़ने पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। जोगी कांग्रेस नेता ने कहा कि इस प्रकार की यह पहली घटना नहीँ है। इससे पहले भी प्रदेश के विभिन्न जिलों में लगातार सैकड़ों गायों की मौत हो चुकी है। बार बार घटना की पुनरावृति से जाहिर होता है कि गौशाला और गौमाता के नाम पर बड़ा खेल हो रहा है।
Join Our WhatsApp Group Join Now
जोगी नेता के अनुसार चर्चा है कि सत्ता से जुड़े लोगों ने पहले ही चारागाह, घास और रतनजोत की सैकड़ों एकड़ जमीन को हड़प लिया है। सरकार ने सैकड़ों एकड़ घास जमीन हाउसिंग बोर्ड को आबंटित कर दिया है। चारागाह जमीन पर हजारों मकान बनकर खड़े है। खरीदने वाले नहीं मिल रहे है। सड़क और सौन्दर्यीकरण के नाम पर गरीबों की झुग्गीयों को उजाड़ तो दिया गया लेकिन मकान नही दिया जा रहा है। गायों को चरने की आज जमीन नहीं बची है। गौशाला के नाम पर लाखों रुपया अनुदान राशि और कमीशन खोरी का मामला पहले ही उजागर हो चुका है। गायों के लिए कहीं चारा नहीं है। देखरेख नहीं होने से भूखी प्यास , बीमार गाय मर गयीं।
प्रदेश के एक एक घर में मुर्गी और बकरी की गिनती करने वाली सरकार को बिना पंजीयन अवैध रूप से गौशला संचालन की खबर कैसे नहीं लगती है। क्या कर रहा है पशुपालन विभाग ? क्या कर रहा है गौसेवा आयोग ? आखिर क्यों नही कानून का भय ? किसका मिलता है संरक्षण ? इसके अलावा गौमाता की रक्षा करने वाले राज्य के प्रमुख गौसेवक खुद आरोप लगा रहे है कि छत्तीसगढ़ राज्य से व्यापक स्तर पर गौतस्करी हो रही है। राज्य के गौधन को अवैध रूप से महाराष्ट्र और मध्यप्रदेश भेजा जाता है।
जोगी कांग्रेस नेताओं ने कहा कि प्रदेश में गायों की दुर्दशा के लिए सरकार जिम्मेदार है। समाज का बड़ा वर्ग गाय की पूजा करता है। गौमाता कहकर सम्बोधित करता है । भाजपा हमेशा गौमाता की हिमायती होने का दावा करती है। भाजपा राज में गाय भूखे प्यासे मर रही है…जिसकी हाय भाजपा नेताओं को लगेगी। राज्य में अगली सरकार जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ की ही बनेगी। इसके बाद गौ तस्करों को बख्शा नहीं जाएगा।