अखबारों में छप रहे भाजपा के बयान बहादुर..जिला कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा.. अब घोटालेबाज दे रहे नसीहत..धरना छोड़,समस्या को हराने मैदान में आए

BHASKAR MISHRA
बिलासपुर—- नमक कालाबाजारी और सरकारी राशन दुकान को लेकर कांग्रेस और भाजपा नेताओं में वार प्रतिवार तेज हो चला है। ज़िला शहर अध्यक्ष प्रमोद नायक ने भाजपा जिला अध्यक्ष निशाना साधा है। नायक ने कहा कि भाजपा जिला अध्यक्ष को सबसे पहले सभी राशन दुकानों का दौरा कर सच्चाई का पता करना चाहिए । नमक की कमी है या नहीं इसके बाद ही बयानबाजी करें।  रेल मंत्री पीयूष गोयल की तरह तथ्य से अनभिज्ञ होकर भाजपा नेता बयानबहादुर ना बनें।
 
           जिला शहर कांग्रेस अध्यक्ष प्रमोद नायक ने कहा प्रदेश और जिला में पर्याप्त नमक है।  ,सरकार ने अब  एपीएल कार्डधारकों को भी नमक देने का फैसला किया है। किसी को भाजपा के दुषप्रचार में फंसने की जरूरत नहीं है।  प्रमोद नायक ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कि कहा कि 36 हजार करोड़ का नान घोटाला तो भाजपा को याद ही होगा। घोटाला का राशन गरीब जनता का ही था। राशन को  भाजपा सरकार ने बेदर्दी से लूटा । 
 
                 नायक ने कहा कि आज भी सीएम मैडम अबूझ पहेली हैं। अब यही घोटालेबाज जनता की हितैषी बनने का ढोंग कर रहे है। संकट काल मे मदद करने के बजाय अखबारों में बने रहने के लिए चिंता जाहिर कर रहे हैं। शहर अध्यक्ष ने कटाक्ष करते हुए कहा कि अपने शासन काल मे धज्जियां उड़ाने वाले पूर्व आबकारी मंत्री अब दारू बन्दी को लेकर धरना दे रहे हैं। भूल गए कि दारू का शासकीय करण उन्होने ने ही किया है।
 
              चुटकी लेते हुए कहा कि पूर्व कृषि मंत्री समर्थन मूल्य को लेकर चिंतित है। लेकिन उन्हें  अपने पुराने झूठे वादे याद नहीं है। उन्हें बताना चाहिए कि कृषि विभाग को 15 एकड़ दान जमीन किसके नाम पर दर्ज हुआ ?  पूर्व मुख्यमंत्री स्वास्थ्य सेवा को लेकर आजकल कुछ ज्यादा ही  गम्भीर  है। जबकि उनके दामाद ने ही 50 करोड़ का स्वास्थ्य घोटाला किया है। 
 
              प्रमोद नायक ने कहा भाजपा विपक्षी पार्टी है। उसे सकारात्मक भूमिका अदा करनी चाहिए। ,संकट को मिलजुल कर निपटने के लिए आगे आना चाहिए। गरीब ,मजबूर,असहाय प्रवासी श्रमिको में राशन के नाम पर भय में नहीं डालना चाहिए। 
 
                    नायक ने कहा कि  कोविड 19 को लगभग दो माह होने जा रहा है।  मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने छत्तीसगढ़ की जनता को आर्थिक समस्या को दूर करने के साथ स्वास्थ्य सुविधा को बखूबी से निभाया है। कोई भी आदमी भूखे पेट नही रहा। प्रवासी श्रमिको को मुफ्त में लाने की जिम्मेदारी से लेकर क्वारंटाइन तक भेजने और घऱ तक पहुंचाने का काम बहुत ही शानदार तरीके से किया जा रहा है। जिनके पास राशन कार्ड नही है उन्हें राशन दिया जा रहा है।
 
           अन्य प्रांतों के श्रमिकों के  लिए भी भोजन की व्यवस्था सरकार ने की है। पूरा प्रशासन ,स्वास्थ्य विभाग,समाज सेवी संस्थाए काम कर रही हैं ।  लेकिन भौत्तिक रूप से भाजपा और उसके अनुषांगिक संगठन के कार्यकर्ता कहीं नही दिखाई दे रहे हैं।
close