बिलासपुर—20 अप्रैल को कोरिया जिले में बलात्कार की शिकार 6 साल की मासूम बच्ची ने अन्ततः अपोलो में दम तोड़ दिया। यद्यपि प्रशासन और अपोलो प्रबंधन ने बच्ची को बचाने का भरसक प्रयास किया। लेकिन सारे प्रयास पर्याप्त साबित नहीं हुए। बच्ची ने आज डाक्टरों के सारे प्रयास पर पानी फेर दिया। पोस्ट मार्टम के बाद शव को परिजनों के हवाले कर दिया गया है। इस दौरान जिला प्रशासन की तरफ से एसडीएम बिलासपुर भी मौजूद थे। उन्होने बताया कि पीड़ित परिवार के साथ शासन की पूरी सहानुभूति है। नियमानुसार पीड़ित परिवार को शासन स्तर पर सहयोग दिया जाएगा।
बताते चलें कि 20 अप्रैल को कोरिया जिले के सूरजपुर तहसील स्थित खसुरा गांव निवासी महिला अपने बच्चों के साथ मनेन्द्रगढ़ में लोगों के घर झाड़ू पोछा कर बच्चों का पेट पाल रही थी। महिला अपने जेठ के घर में तीन संतानों को लेकर जीवन गुजार रही थी। इस बीच सबसे छोटी बच्ची के साथ बलात्कार की घटना हुई। ताज्जुब की बात है कि महिला के जेठ के लड़के ने ही बच्ची के साथ अनाचार किया। जबकि राहुल बच्ची का भाई है।
घटना के बाद बच्ची को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद बच्ची को अपोलो अस्पताल के लिए रिफर कर दिया। इसी दौरान महिला ने बताया कि हम लोग समझ नहीं पाए। क्योंकि बच्ची जेठ के लड़के को देखकर डर जाती थी। उससे दूर भागती थी। बच्ची आए दिन शिकायत करती कि भैया से डर लगता है। उसे मारता है। जबकि बच्ची के शरीर पर कई जगह काटने के निशान भी थे। मैने राहुल को कई बार समझाया। चूंकि हम उसके घर में ही रहते थे। इसलिए ज्यादा कुछ नहीं कहा। और हमने भी राहुल को समझाने के बाद मामले को गंभीरता से नहीं लिया।
इसके चलते राहुल का मन बढ़ता गया। 20 अप्रैल को बच्ची के साथ अनाचार किया। अंगों में दातों से काटा भी। बच्ची की हालत बहुत बिगड़ गयी। हम लोग मनेद्रगढ़ से अपोलो लेकर आए । डाक्टर ने बताया कि बच्ची के घाव में संक्रमण हो गया है।
आज बच्ची की मौत इलाज के दौरान अपोलो में हो गयी है। बताते चलें कि बलात्कार की घटना के बाद मनेन्द्रगढ़ पुलिस ने राहुल दास उम्र 19 साल को गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के अनुसार महिला की बड़ी बेटी दस साल की है। उससे छोटे बेटे की उम्र आठ साल है।
शासन से मिलेगा मदद
मामले में एसडीएम कीर्तिमान राठौर ने बताया कि बच्ची को बेतहर इलाज दिया गया। लेकिन बचाया नहीं जा सका। पोस्ट मार्टम के बाद शव को परिजनों के हवाले कर दिया गया है। शासन स्तर पर परिजनों को उचित सहायता राशि दी जाएगी। सारी जानकारियों से जिला प्रशासन को अवगत कराया गया है।