7 सड़कों पर खर्च होंगे 23 करोड़..सांसद साव ने कहा..दूरदर्शी नेता थे अटल.. PMSY से गांव का हुआ तेजी से विकास

BHASKAR MISHRA
3 Min Read
बिलासपुर—-सांसद अरुण साव ने सोमवार को गनियारी में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत प्रस्तावित 23 करोड़ रुपए लागत की कुल 50 कि.मी. लंबी 7 सड़कों का भूमिपूजन किया। इस दौरान दौरान साव ने कहा कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना की बदौलत दूरस्थ  गांव भी विकास की मुख्यधारा से जुड़ रहे हैं। इससे ग्रामीण अंचल का तेजी के साथ विकास हो रहा है। जाहिर सी बात है कि यह योजना ग्रामीणों के लिए वरदान साबित हुई है।
 
                तखतपुर विकासखंड के ग्राम गनियारी में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के लिए भूमि पूजन कार्यक्रम में सांसद अरूण साव और प्रदेश सरकार की संसदीय सचिव रश्मि आशीष सिंह शामिल हुई। इस दौरान दोनों नेताओं ने प्रस्तावित सड़क के लिए भूमि पूजन किया। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सिंह चौहान, राज्य महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष हर्षिता पाण्डेय, क्षेत्रीय जनपद सदस्य और सरपंच ने हिस्सा लिया।
 
                  कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों ने विधि विधान से प्रस्तावित सात सड़कों के निर्माण कार्य के लिए भूमिपूजन किया। बताते चलें कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत गनियारी से पेण्ड्री (व्याहा-चनाडोंगरी) 9.10 कि.मी. सड़क पर 638.69 लाख रुपए खर्च होंगे। तखतपुर से हरदी (व्याहा-पकरिया) 10.61 कि.मी. सड़क 746.66 लाख रुपए में बनेगी। एन. एच. 130 संबलपुरी  से लाखासार (व्याहा-बहतराई) 7.50 कि.मी. पर 327.26 लाख रुपए खर्च होगा। सकरी से एन.एच. 130 परसदा (व्याहा- चिचिरदा) 5.90 कि.मी. स़़ड़क  286.50 लाख रुपए में तैयार होगी।
 
          इसी तरह एस.एच. 08 भुंडा से गोबरीपाट 6.35 कि.मी. सड़क पर 440.93 लाख रुपए,  भकुर्रा नवांपारा से कोटा-लोरमी रोड (व्याहा-टांडा) 5.10 कि.मी सड़क पर 192.46 लाख रुपए खर्च होंगे। इसके अलावा भुंडा से मंगला भैंसाझार (व्याहा-भनुवाकापा) 5.60 कि.मी. सड़क निर्माण किया जाएगा। सड़क को कुल 247.43 लाख रुपए की लागत से तैयार किया जाएगा।
 
          कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद साव ने कहा कि भारत रत्न स्व. अटल बिहारी बाजपेयी को गरीबों की समस्याओं और दुःख-दर्द समझने वाले प्रधानमंत्री के रूप में जाना जाता है। उन्होंने ग्रामीणों का आवागमन सुलभ बनाने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना को क्रियान्वित किया। प्रधानमंत्री सड़क योजना के माध्यम से अब तक देश के अनगिनत गांव विकास की मुख्यधारा से जुड़ चुके हैं।
 
               कार्यक्रम को जिला पंचायत अध्यक्ष अरूण चौहान ने भी संबोधित किया। इस मौके पर पीएमजीएसवाई के कार्यपालन अभियंता वरुण सिंह राजपूत, उप अभियंता रमेश चंद्र साहू समेत क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि और ग्रामीण बड़ी संख्या में उपस्थित थे।
close