किसानो को 25 हज़ार मे सोलर पंप

Shri Mi
5 Min Read

3640-front♦सीएम ने दी 119 करोड़ के निर्माण कार्यों की सौगात
♦सर्जिकल स्ट्राइक जैसे कदमों से राष्ट्र का स्वाभिमान बढ़ा

कोरिया। मुख्यमंत्री ने रविवार को कोरिया जिले के खडगवां विकासखंड के ग्राम पोडीडीह में एक विशाल जनसभा को सम्बोधित किया।जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के किसानों को अगले हफ्ते राज्योत्सव 2016 के अवसर पर ‘सौर सुजला योजना’ के रूप में एक बड़ी सौगात मिलेगी। इस योजना से उन इलाकों में सौर ऊर्जा प्रणाली के जरिए सिंचाई सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा,जहां परम्परागत रूप से बिजली की लाईन पहुंचाने में कठिनाई होती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस योजना के तहत साढ़े चार लाख रूपए के सोलर सिंचाई पम्प सिर्फ 18 हजार से 25 हजार रूपए में दिए जाएंगे। शेष अनुदान राशि राज्य सरकार देगी।

Join Our WhatsApp Group Join Now

                                                              सीएम ने पोडीडीह में 13 करोड़ 33 लाख रूपए की लागत से निर्मित एकलव्य संयुक्त आदिवासी विद्यालय भवन का लोकार्पण किया।सीएम ने इस विद्यालय को मिलाकर रविवार को जिले की जनता को लगभग 119 करोड़ रूपए के 28 विभिन्न निर्माण कार्यों की सौगात दी। डॉ. सिंह ने इनमें से 31 करोड़ 22 लाख रूपए के 7 पूर्ण हो चुके निर्माण कार्यों का लोकार्पण और 87 करोड़ 43 लाख रूपए के नये स्वीकृत 21 निर्माण कार्यों का भूमिपूजन और शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री के हाथों लोकार्पित निर्माण कार्यों में दो करोड़ 07 लाख रूपए की लागत से निर्मित खडगवां का आई.टी.आई. भवन भी शामिल है।जनता को सम्बोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में न केवल देश के विकास में गतिशीलता आयी है, बल्कि सर्जिकल स्ट्राइक जैसे कदमों से राष्ट्र का स्वाभिमान भी बढ़ा है।

                                                             डॉ. रमन सिंह ने विशाल जनसभा में प्रधानमंत्री उज्जवला योजना के तहत प्रतीक स्वरूप दस महिलाओं को निःशुल्क रसोई गैस कनेक्शन, डबल बर्नर चूल्हा और गैस सिलेंडर का वितरण किया। डॉ. सिंह ने इस बात पर खुशी जताई कि कोरिया जिले में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सर्वोच्च प्राथमिकता वाली इस योजना के तहत अब तक आठ हजार गरीब परिवारों की महिलाओं को रसोई गैस कनेक्शन दिए जा चुके हैं और दो साल के अंदर बाकी बचे 52 हजार परिवारों को भी इसका लाभ मिलेगा।

                                                                 डॉ. सिंह ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के स्वच्छ भारत मिशन के तहत कोरिया जिले में भी सराहनीय कार्य हो रहे हैं। इस जिले में अब तक 160 ग्राम पंचायतें खुले में शौचमुक्त ओ.डी.एफ. घोषित हो चुकी हैं और जिले का सोनहत विकासखंड तो शत्-प्रतिशत ओ.डी.एफ. बन चुका है। सीएम ने कहा कि दो वर्ष के अंदर विद्युत विहीन गांवों और मजरा टोलों में शत प्रतिशत बिजली पहुंचाने का कार्य किया जायेगा।

                                                         सीएम ने कहा कि ऐसे पहुंच विहीन क्षेत्रों में जहां बिजली की लाईन नहीं पहुंच पाती है, उन क्षेत्र के लोगों को 18 से 25 हजार रूपये में साढे चार लाख रूपये की लागत के सोलर पंप उपलब्ध कराये जायेंगे और इसकी शुरूआत अगले माह राज्योत्सव से किया जायेगा।

By Shri Mi
Follow:
पत्रकारिता में 8 वर्षों से सक्रिय, इलेक्ट्रानिक से लेकर डिजिटल मीडिया तक का अनुभव, सीखने की लालसा के साथ राजनैतिक खबरों पर पैनी नजर
close