बिलासपुर।छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस इलेक्शन कैम्पेन कमेटी के चेयरमेन, अविभाजित मध्यप्रदेश के पूर्व गृहमंत्री एवं पूर्व केन्द्रीय राज्यमंत्री डॉ. चरणदास महंत ने जांजगीर-चांपा जिले के मतगणना स्थल पर चर्चा में कहा कि सहज व सरल ढंग से किसानों, युवा और ग्रामीणों ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी की 4 बातों पर भरोसा किया। यह जीत पूरी तरह से राहुल गांधी को समर्पित है।
छत्तीसगढ़ के सहज व सरल लोगों के बीच राहुल गांधी आये और जनता ने उनकी बातों को माना। कांग्रेस के रहते छत्तीसगढ़ के आदिवासियों, एससी, एसटी वर्ग, गरीबों, किसानों की उपेक्षा नहीं होगी और न ही कांग्रेस इन्हें उपेक्षित कर सकेगी। जीत का पहला श्रेय राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के बाद कांग्रेस छग प्रभारी सांसद पीएल पुनिया को जाता है जिन्होंने छत्तीसगढ़ के सभी कांग्रेस नेताओं को एकजुट कर कठिन से कठिन परिस्थितियों का सामना कर समस्याओं का सरलता से निदान किया।
कार्यकर्ताओं व छत्तीसगढ़ के माटीपुत्रों ने 15 साल बाद कांग्रेस पर भरोसा जताया है और इसे बनाये रखना कांग्रेस की पूरी नैतिक जिम्मेदारी है। डॉ. महंत ने कहा कि पूरे प्रदेश में सरलता, सहजता के साथ पारिवारिक माहौल में यहां की समस्याओं का समाधान किया जाएगा। शासकीय कर्मियों का आभार व्यक्त कर कहा कि वे निडर होकर आमजनों का काम करें।
0 नक्सल समस्या का होगा निराकरण
डॉ. महंत ने आज मतगणना के दिन सुकमा में हुए आईआईडी ब्लॉस्ट की घटना का जिक्र कर कहा कि ऐसी कोई समस्या नहीं है जिसका समाधान न हो सके। नक्सलवाद से आदिवासियों को बड़ा नुकसान हो रहा है और देश की छवि भी धूमिल हो रही है जिसे बदलने की जरूरत है। उद्योग, आवागमन नक्सलवाद के कारण प्रभावित हो रहा है जिसे खत्म कर नक्सलियों को मुख्य धारा में लाया जाएगा।
0 राहुल की घोषणाओं का होगा अक्षरश: पालन
डॉ. महंत ने कहा कि राहुल गांधी ने छत्तीसगढ़ में यहां के प्रत्याशियों के पक्ष में सभाएं ली। जनता के बीच जाकर उनके मर्म को जाना और समझा। अपने पदाधिकारियों को जनता के बीच भेजकर उनकी जरूरतों के हिसाब से घोषणा पत्र तैयार किया। जनता ने राहुल और कांग्रेस के घोषणा पत्र पर भरोसा कर विजय दिलायी है। डॉ. महंत ने विश्वास दिलाया कि राहुल की घोषणाओं का अक्षरश: पालन होगा।
0 2018 के बाद 2019 के लिए जुटेंगे
डॉ. महंत ने कहा कि छत्तीसगढ़ में ऐतिहासिक विजय के लिए कार्यकर्ता पूरी दृढ़ता से डटे रहे। कार्यकर्ताओं के बूते कांग्रेस ने चुनाव जीता है। अब 2019 के लोकसभा चुनाव के लिए बूथ स्तर के कार्यकर्ता व कांग्रेस के समस्त कार्यकर्ता पूरी तन्मयता के साथ तैयारी में जुटेंगे।