खेल अलंकरण सम्मान में बिलासपुर का दबदबा..बेसलबाल टीम ने किया मुख्यमंत्री ट्राफी पर कब्जा…राहुल को शहीद कौशल यादव सम्मान

BHASKAR MISHRA
3 Min Read

बिलासपुर—पूरे पांच साल बाद राज्य खेल अंलकरण सम्मान का आयोजन रायपुर में किया गया। इस दौरान विभिन्न खेल विधा से जुड़े खिलाड़ियों को शासन ने खेल अलंकरण अवार्ड से सम्मानित किया। कार्यक्रम में बिलासपुर जिले से 21 खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया गया। अवार्ड मिलने के बाद युवा खिलाड़ियों ने खुशी जाहिर किया है।

Join Our WhatsApp Group Join Now

पांच साल बाद छत्तीसगढ़ खेल एवं युवा कल्याण विभाग ने 14 मार्च को राज्य खेल अलंकरण समारोह का आयोजन किया। कार्यक्रम का आयोजन रायपुर स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में किया गया। इस दौरान राज्य के 544 खिलाड़ियों को विभिन्न खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए खेल अलंकरण अवार्ड से सम्मानित किया गया। राज्य स्तर पर आयोजित कार्यक्रम में बिलासपुर जिले के 21 खिलाड़ियों को भी पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। 5 साल बाद आयोजित खेल अलंकरण पुरस्कार कार्यक्रम में शिरकत करने वाले खिलाड़ियों में जमकर उत्साह देखने को मिला।

बिलासपुर की बेसबॉल टीम को 2019-20 में गुजरात के अहमदाबाद में हुए राष्ट्रीय प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक प्राप्त करने पर मुख्यमंत्री ट्रॉफी से सम्मानित किया गया। टीम को 3 लाख रूपए का नगद पुरस्कार और  प्रशस्ति पत्र दिया गया है।साथ ही बेसबॉल कोच अख्तर खान और सहायक कोच लखनलाल देवांगन को भी पुरस्कृत किया गया।  बेसबॉल खिलाड़ी राहुल सिंह ठाकुर को शहीद कौशल यादव पुरस्कार दिया गया। राहुल सिंह को 1.50 लाख का चेक और प्रशस्ति पत्र दिया गया है।

      छत्तीसगढ़ बेस बॉल  एसोसिएशन के सीनियर कोच अख्तर खान ने बताया कि सीमित संसाधनों में छत्तीसगढ़ स्कूल के मैदान में खिलाड़ियों को तैयार किया गया है। सभी खिलाड़ी अब राष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश की पहचान बनेंगे। उन्होंने कहा कि बेस बॉल का निःशुल्क प्रशिक्षण दिया जाता है। मुख्यमंत्री ट्राफी मिलने से उत्साहित खिलाड़ियों ने बताया कि लंबे समय बाद हुए अलंकरण समारोह में पुरस्कृत होना गौरव का क्षण था। शासन से मिले सम्मान से उनके उत्साह में बृद्धि हुई है। खेल को आगे बढ़ाने के लिए सरकार प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है।

        जिले की बेसबाल टीम में शामिल खिलाड़ी राहुल सिंह,देवराज अहिरवार, आदित्य सिंह,देव वर्मा,मनीष महिलांगे,आनंद बंजारे,शिवम रजक,अभय मंडल,त्रिलोकी यादव,सुजीत बंजारे ने संयुक्त रूप से मुख्यमंत्री ट्रॉफी लिया। जिले के खिलाड़ी  गायत्री शिंदे को हॉकी,उमेश सिंह कबड्डी,रोहिणी साहू पैरालंपिक, शारदा पांडे एथलेटिक्स में शहीद वीर नारायण चौबे सम्मान,  इतवारी राज  को वीर हनुमान सिंह सम्मान आर्चरी, किसराम पटेल पैरा तैराकी,राजेश साहू,आशीष पटेल को व्हील चेयर फैंसिंग में मुख्य  मंत्री ट्रॉफी से नवाजा गया है।

close