Loksabha Election-विषम परिस्थितियों में शांतिपूर्ण चुनाव कराना प्रशंसनीय,कमिश्नर-IG ने किया उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों का सम्मान

Shri Mi
3 Min Read

जगदलपुर।बस्तर संभाग के कमिश्नर अमृत कुमार खलखो और पुलिस महानिरीक्षक विवेकानंद सिन्हा ने लोक सभा चुनाव में उत्कृष्ट कार्य करने वाले जिले के अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशिस्त पत्र और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। कलेक्टोरेट के प्रेरणा हॉल में आयोजित एक संक्षिप्त कार्यक्रम में विभिन्न प्रकोष्ठों के नोडल अधिकारियों सहित 223 कर्मचारियों को सम्मानित किया गया।

Join Our WhatsApp Group Join Now

इस अवसर पर कलेक्टर डॉ. अय्याज तम्बोली, पुलिस अधीक्षक डी.श्रवण, डीएफओ एस. जगदीशन, अपर कलेक्टर जगदीश सोनकर, और जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रभात मलिक, अपर कलेक्टर  अरविंद एक्का विशेष रूप से उपस्थित थे।

कमिश्नर श्री खलखो ने इस अवसर पर अधिकारियों और कर्मचारियों शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बस्तर की परिस्थितियां प्रदेश के मैदानी क्षेत्रों से बिल्कुल भिन्न है। उन्होंने कहा कि बस्तर सदैव ही कौतुहल का विषय रहा है तथा विधानसभा निर्वाचन के दौरान बिलासपुर में पदस्थ होने के बावजूद यहां पल-पल की नजर रखी।

लोकसभा निर्वाचन के दौरान स्वयं यहां मौजूद रहकर विपरीत परिस्थितियों के बावजूद निर्वाचन कार्य में लगे कर्मचारियों और मतदाताओं का उत्साह देखा। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र के प्रति यहां के लोगों का प्रेम और समर्पण न केवल प्रशंसनीय है, बल्कि यह प्रेरणादायी भी है। उन्होंने कलेक्टर और जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. अय्याज तम्बोली की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में लोक सभा चुनाव के लिए मतदान ना केवल शांतिपूर्ण सम्पन्न हुआ बल्कि मतदान का प्रतिशत भी बढ़ा। यह इस अंचल के लोगों में लोकतंत्र के प्रति बढ़ती आस्था को दर्शाता है। श्री खलखो ने जिन अधिकारी-कर्मचारियों को सम्मानित किया गया, उन्हें बधाई देते हुए कहा कि जिन्हें यह सम्मान नहीं मिला, उन्हें निराश होने की जरूरत नहीं है, क्योंकि चुनाव के इस महापर्व में उनका योगदान भी किसी से कम नहीं है।

पुलिस महानिरीक्षक श्री विवेकानंद सिन्हा ने कहा कि विधानसभा की तुलना में इस चुनाव में सुरक्षा बलों की कम कम्पनियां  मिलने के बावजूद चुनाव शांतिपूर्ण सम्पन्न हुआ और मतदान का प्रतिशत भी बढ़ा।  इससे  बस्तर के प्रति बाहर के लोगों का दृष्टिकोण बदलेगा। उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण चुनाव के लिए सूचना तंत्र को मजबूत किया गया था। यूथ वालिंटियर तैयार किए गए थे। गांव वालों का भी सहयोग मिला, जिससे निर्विघ्न चुनाव संभव हुआ। कोई अप्रिय घटना नहीं हुई, यह लोकतंत्र की जीत है।

जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री प्रभात मलिक ने कार्यक्रम के अंत में आभार व्यक्त किया।

By Shri Mi
Follow:
पत्रकारिता में 8 वर्षों से सक्रिय, इलेक्ट्रानिक से लेकर डिजिटल मीडिया तक का अनुभव, सीखने की लालसा के साथ राजनैतिक खबरों पर पैनी नजर
close