संकट काल में भी नहीं थमा विकास का पहिया.. मुख्यमंत्री ने जिले को दिया 76 करोड़ का तोहफा ..किसानों से किया आनलाइन संवाद

BHASKAR MISHRA
6 Min Read
रामानुजगंज(पृथ्वीलाल केशरी) —-मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने संयुक्त जिला कार्यालय भवन के सभाकक्ष में आयोजित ई-लोकार्पण शिलान्यास कार्यक्रम में जिले वासियों को 76 करोड़ 51 लाख रुपए के विकास कार्यों का सौगात दी है। मुख्यमंत्री ने जिले में 24 करोड़ 98 लाख रूपये के विकास कार्यों का लोकार्पण किया। 51 करोड़ 53 लाख रूपये के लागत के विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने जिलेवासियों को संबोधित भी किया। सरगुजा और बलरामपुर-रामानुजगंज में विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण भूमिपूजन किया। 
 
              लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान सीएम ने कहा कि दोनों ही जिले विकास की राह पर आगे बढ़ रहे हैं। सरगुजा में हवाई यात्रा की सुविधा मिलने से बलरामपुर सहित आसपास के जिले भी लाभान्वित होंगे। परिवहन सुविधाओं के विस्तार से क्षेत्र में त्वरित आवागमन हो पाएगा।  स्थानीय पर्यटन का विकास होगा। राजीव गांधी किसान न्याय योजना हो,सुराजी गांव योजना या फिर गोधन न्याय योजना,इन सभी योजनाओं ने सीधे कृषक,पशुपालकों को लाभान्वित किया है। गौठान के माध्यम से महिलाओं को आजीविका प्रदान किया है।
 
कोरोना काल में भी विकास
 
             सीएम ने कहा कि कोरोना संकट काल में भी छत्तीसगढ के विकास में कोई कमी नहीं आयी है । कुशल प्रबंधन से लोगों को लाभान्वित करने का सिलसिला थमा नहीं है। कोविड 19 के कठिन दौर में भी छत्तीसगढ़ का विकास लोगों के लिए पहेली बना हुआ है। किन्तु छत्तीसगढ़ के आमजनों का विश्वास, भरोसा व अथक परिश्रम है, जिसके कारण ही हम अपनी स्थिति बेहतर बना पाये हैं।
  
                 उच्च शिक्षा एवं जिले के प्रभारी मंत्री उमेश पटेल ने कहा कि जिले में अनेक विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन हुआ है। कुछ माह पूर्व मुख्यमंत्री बलरामपुर आये थे,। इस दौरान दोनों विधायकों ने क्षेत्र के विकास के लिए विभिन्न मांगें रखी गई थी। उनमें से बहुत सी मांगों को मुख्यमंत्री  बघेल ने प्राथमिकता में लेते हुए शीघ्र पूर्ण किया है।
 
          संसदीय सचिव एवं सामरी विधायक चिंतामणी महाराज ने कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में प्रदेश में अनेक योजनाएं संचालित हैं,जो छत्तीसगढ़ के किसान भाईयों एवं आम जनता के लिए लाभदायी सिद्ध हुई है। इस अवसर पर संसदीय सचिव ने राजपुर के धंधापुर क्षेत्र में लो-वोल्टेज की समस्या होने की जानकारी देते हुए वहां विद्युत सब-स्टेशन स्थापित करने की मांग रखी। सरगुजा विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष एवं रामानुजगंज विधायक बृहस्पत सिंह ने जिले को विकास कार्यों की सौगात देने पर मुख्यमंत्री को धन्यवाद ज्ञापित किया।
 
            कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चन्द्रवाल ने मुख्यमंत्री को जिले में चल रहे विकास कार्यों एवं उपलब्धियों से अवगत कराया। वर्चुअल लोकार्पण शिलान्यास कार्यक्रम में गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू, लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा पंचायत मंत्री टी.एस.सिंहदेव,स्कूल शिक्षा मंत्री डॉ.प्रेमसाय सिंह टेकाम, खाद्य मंत्री अमरजीत सिंह भगत, नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री डॉ. शिवकुमार डहरिया, मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव सुब्रत साहू वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े तथा कार्यक्रम स्थल पर भौतिक रूप से पुलिस अधीक्षक रामकृष्ण साहू, जिला पंचायत सीईओ श्रीमती तुलिका प्रजापति,नगर पालिका अध्यक्ष गोविन्द सिंह सहित जिले के निर्वाचित जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य उपस्थित थे।
 
किसानों ने जताया आभार
 
मुख्यमंत्री ने राजीव गांधी किसान न्याय योजना से लाभान्वित कृषक राजेश्वर शांडिल्य से चर्चा के दौरान उनको योजना से हुए लाभ के बारे में जाना। राजेश शांडिल्य ने मुख्यमंत्री से बात करते हुए कहा कि उन्हें किसान न्याय योजना के तहत 57 हजार की राशि प्राप्त हुई है जिसका उपयोग धान का रोपा लगाने में करेंगे। उन्होंने न्याय योजना तथा कृषकों के प्रति उनकी भावना के लिए मुख्यमंत्री को धन्यवाद देते हुए कहा कि कृषकों को न्याय मिला है और उनके लिए तरक्की के रास्ते खुले है। इसके बाद मुख्यमंत्री ने वृक्षारोपण प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत 1 एकड़ क्षेत्र में धान के बदले इमारती लकड़ी लगाने वाले कृषक दुखीराम से बात की। किसान दुखीराम ने वृक्षारोपण प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत धान से इतर वृक्षारोपण करने पर प्रोत्साहन राशि देने तथा वृक्षों की कटाई के नियमों को सरल करने पर आभार व्यक्त किया।
 
लोकार्पण एवं भूमिपूजन
 
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिले में 76 करोड़ 51 लाख 88 हजार रूपये की लागत के 195 विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया। जिसमें में 24 करोड़ 98 लाख 76 हजार रूपये के 97 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं 51 करोड़ 53 लाख 12 हजार रूपये के 98 विकास कार्यों का भूमिपूजन शामिल है। 
 
                   जल संसाधन विभाग को 12 करोड़ 33 लाख 96 हजार रूपये की लागत के 7 निर्माण कार्यों, पंचायत एवं ग्रामीण विकास के 6 करोड़ 74 लाख रूपये की लागत से 71 निर्माण कार्यों, छत्तीसगढ़ ग्रामीण सड़क विकास अधिकरण के 2 करोड़ 44 लाख रूपये के 1 कार्य, छत्तीसगढ़ स्टेट वेयर हाउसिंग कॉर्पोरेशन के 2 करोड़ 35 लाख 66 हजार के एक कार्य, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा के 71 लाख 12 हजार रूपये के 8 निर्माण कार्य, सरगुजा क्षेत्र विकास प्राधिकरण के 40 लाख की लागत से 4 निर्माण कार्यों का लोकार्पण किया। इसी प्रकार मुख्यमंत्री श्री बघेल 51 करोड़ 53 लाख 12 हजार रूपये के 98 निर्माण कार्यों का शिलान्यास किये।
 
TAGGED:
close