कांग्रेस को उखाड़ सड़क पर फेंका….

बिलासपुर—जनता ने कांग्रेस को उखाड़कर सड़क पर फेंक दिया है। कांग्रेसियों के पास ना मुद्दा है और ना कोई सोच ही है। इस समय कांग्रेस पार्टी और उसके नेता घूम-घूम कर गाल बजाने का काम कर रहे हैं। अब भी नहीं सुधरे तो इनकी हालत और भी बदतर होने वाली है। मुख्यमंत्री गंगा की तरह पवित्र हैं। नान घोटाला से उनका कोई लेना देना नहीं है। यह बातें सीजी वाल से सहकारिता विभाग के संसदीय सचिव लखनलाल देवांगन ने कही।
भोपाल से ऊर्जा समेटकर कोरबा रवाना होने से पहले बिलासपुर पहुंचे कटघोरा विधायक और प्रदेश सरकार के संसदीय सचिव ने पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री गंगा की तरह पवित्र है। कांग्रेस के पास गाल बजाने के अलावा काम ही क्या है। कांग्रेस को अनर्गल बयानबाजी के कारण ही देश की जनता ने उखाड़कर सड़क पर फेंक दिया है। अगर अब भी अपनी हरकतों से बाज नहीं आए तो उनकी हालत बद से बदतर होने वाली है।
सीजी वाल से अपनी प्रतिक्रिया में देवांगन ने कहा कि नान घोटाला कांग्रेस की दिमागी उपज है। जो दोषी थे उन पर कार्रवाई हो चुकी है। कार्यकर्ताओं को जोड़े रखने के लिए इस समय कांग्रेस पार्टी भौतिक सत्यापन का खेल, खेल रही है। जनता सब जानती है… एक दिन कांग्रेस को अनर्गल बयानबाजी का खामियाजा भुगतना ही पडेगा। क्योंकि जनता किसी को माफ नहीं करती है।
भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह से ऊर्जा लेकर लौटे लखनलाल ने बताया कि कहीं कोई मुख्यमंत्री नहीं बदलने वाला है। कांग्रेस के झांसे में जनता नहीं आने वाली है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष ने भोपाल में आयोजित एक दिवसीय सेमीनार में दोनों राज्यों के मंत्री,सांसदों,विधायकों समेत प्रदेश अध्यक्ष और प्रत्येक जिले के प्रमुखों को संबोधित किया।
देवांगन ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष ने महासंपर्क अभियान को सुनियोजित तरीके से आगे बढ़ाने के गुरू दिये। शाह ने सभी लोगों से कहा कि जब परिवार बड़ा हो जाता है तो जिम्मेदारियां भी बड़ी हो जाती हैं। लाखों कार्यकर्ता अब घर-घर जाकर सदस्यों का सत्यापन करें। इस दौरान उन्होंने केन्द्र सरकार की उपलब्धियों और योजनाओं को देश के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का निर्देश दिया। देश का तेजी से विकास हो रहा है खासतौर पर पिछले एक साल में महत्वपूर्ण 24 योजनाओं को विस्तार के साथ आम आदमी तक पहुंचाने की बात कही।
देवांगन ने बताया कि भोपाल में आयोजित क्षेत्रिय कार्यशाला में अमित शाह ने उपस्थित सभी लोगों से कहा कि प्रधानमंत्री बीमा योजना,डिजिटल इंडिया योजना, सफाई अभियान जैसे कई महत्वपूर्ण योजनाओं पर विशेष रूप से केन्द्रित होने को कहा है। ताकि आम जनता को महसूस हो कि अब अच्छे दिन की शुरूआत हो चुकी है।
कटघोरा विधायक ने बताया कि अमित शाह ने एलान किया है कि आने वाले दो साल के भीतर मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ के प्रत्येक जिलों में हाईटेक भाजपा कार्यालय खोला जाएगा। प्रधानमंत्री अपने कार्यकर्ताओं से वीडियो कांफ्रेस के जरिए सीधे रूबरू होंगे। कार्यालयों का निर्माण चंदे से नहीं बल्कि कार्यकर्ताओं के सहयोग से होगा।