भाजपा नेता का सनसनीखेज आरोप…पार्टी में आदिवासियों का शोषण…जोगी के सामने उतारा जाता है कमजोर उम्मीदवार

BHASKAR MISHRA
3 Min Read
बिलासपुर– आदिवासी नेता संतकुमार नेताम ने भारतीय जनता पार्टी के नेताओं पर पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी से डरने का आरोप लगाया है। संतकुमार नेताम ने कहा कि भाजपा ने अजीत जोगी के खिलाफ हमेशा कमजोर उम्मीदवार खड़ा किया है। पार्टी में ना तो बाहरी लोकतंत्र है और ना ही आंतरिक। जब भी जोगी के खिलाफ उम्मीदवार खड़े करने की बात आती है तो डमी कन्डीडेट की तलाश शुरू हो जाती है। 2001 से आज तक भाजपा नेताओं ने सिर्फ हारने के लिए उम्मीदवार खड़ा किया है।
                  संतकुमार नेताम ने भाजपा नेताओं पर आरोप लगाया है कि अजीत जोगी से डरते हैं। यही कारण है कि अजीत जोगी के खिलाफ हमेशा कमजोर उम्मीदवार खडा करते हैं। उन्होने बताया कि साल 2001 में गुमनाम उम्मीदवार अमर सिंह खुसरो को खड़ा किया गया। साल 2003 में सात जिलों को पार कर नन्दकुमार साय को मैदान में उतारा गया। साय की करारी हार हुई। साल 2008 में ध्यान सिंह पोर्ते को बलि का बकरा बनाया गया। इसी तरह समीरा पैकरा को साल 2013 में टिकट दिया गया। जबकि मैंने लगातार दावेदारी की। बावजूद इसके मुझे हर बार किनारे लगा दिया गया।
                        संतकुमार ने कहा कि भाजपा में आदिवासियों का केवल उपयोग किया जा रहा है। पार्टी में दिखावे के लिए आदिवासियों का सम्मान है। चूंकि मैं आदिवासी हूं…इसलिए इसकी जानकारी भी है। नेताम ने बताया कि यदि मैं जोगी की जाति मामले को उजागर नहीं किया होता तो शायद 2003 में भाजपा की सरकार भी नहीं बनती। जोगी की जाति को लेकर सुप्रीम कोर्ट तक गया। इसी के दम पर साल 2008 और 2013 में सरकार भी बनी। लेकिन बाद में मुझे ही किनारे लगा दिया गया।
                      नेताम ने बताया कि भाजपा से दिल टूट चुका है। उपयोग करने के बाद किनारे कर देते हैं। मैने विधानसभा चुनाव 2018 मरवाही से दावेदारी की थी। आश्वासन भी मिला था। बावजूद इसके कमजोर प्रत्याशी जोगी को जिताने के लिए खड़ा कर दिया गया।
    नेताम के अनुसार पार्टी में आदिवासी समाज का केवल शोषण किया जा रहा है। वोट बैंक का औजार बना दिया गया है। उन्होने कहा कि निकाय मंत्री से लेकर मंत्रीमंडल के कई नेता उनसे जूनियर हैं। मै 1996 में युवा विंग का जिला अध्यक्ष भी था। लेकिन कभी संगठन ने उपयोग करने के बाद साथ नहीं दिया। मन भर गया है। पहचान के लिए जरूरी है कि किसी अन्य दल को अपनी सेवाएं दे।
close