राजनांदगांव। भाजपा के वरिष्ठ नेता और छत्तीसगढ़ सरकार के पूर्व मंत्री रजिंदरपाल सिंह भाटिया ने रविवार देर शाम को छुरिया स्थित अपने पैतृक निवास में फांसी लगा ली। उनके खुदकुशी की खबर से भाजपा और पार्टी कार्यकर्ता सदमे में है। वहीं छुरिया समेत समूचे जिले में शोक की लहर व्याप्त है। रमन सरकार के पहले कार्यकाल में भाटिया करीब 6 माह तक परिवहन मंत्री रहे, बाद में संवैधानिक बाध्यता के चलते उन्हें मंत्री पद छोड़ना पड़ा। भाटिया ने शाम 6 बजे के आसपास घर में फांसी लगा ली।बताया जा रहा है कि वह पिछले कुछ समय से मानसिक और शारीरिक रूप से परेशान थे। उनके नजदीकी लोगों का कहना है कि कोरोना से पीड़ित होने के बाद से उनकी शारीरिक क्षमता बेहद कमजोर हो गई थी। कुछ साल पहले पत्नी का भी अचानक देहांत हो गया था।
भाटिया के इकलौते पुत्र जगजीत सिंह राजधानी रायपुर में एक अस्पताल के डायरेक्टर हैं। उनके पुत्र राजधानी में ही निवासरत हैं। जबकि भाटिया का वहां आना-जाना रहता था। बताया जा रहा है कि भाटिया करीब 74 साल के थे। उनकी भाजपा में कद्दावर नेताओं में गिनती होती थी। फिलहाल छुरिया पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।