निरीक्षण का असर..सरपट दौड़ने लगा काम..शहरवासी भी दंग..ओव्हरब्रिज निर्माण प्रोग्रेस पर कलेक्टर की नजर

BHASKAR MISHRA
4 Min Read
बिलासपुर— कुछ दिनों पहले कलेक्टर सारांश मित्तर ने निर्माण कार्यो का औचक निरीक्षण किया। असर अब दिखाई देने लगा है।  तिफरा ओव्हरब्रिज निर्माण कार्य में एक बार फिर तेजी देखने को मिल रही है। जिम्मेदार अधिकारी और कर्मचारी पल पल की रिपोर्ट कलेक्टर तक पहुंचा रहे हैं। वहीं दो साल से कछुआ चाल से परेशान शहरवासी निर्माण कार्य में तेजी को लेकर ना केवल खुश है..बल्कि दंग और आश्चर्यचकित भी हैं।
     
                       कछुआ चाल से चल रहे तिफरा फ्लाईओव्हर ब्रिज निर्माण कार्य में एक बार फिर तेजी आयी है। पिछले कुछ दिनों में ब्रिज निमाण में सेन्टरिंग से लेकर फीनिशिंग.लैन्टरिंग के कार्य में तेजी को देखकर आम आदमी दंग है। अधिकारी भी मौके पर लगातार मुस्तैद हैं। लोगों ने बताया कि यदि ऐसी  तेजी पहले होती तो आज शहर को भीषण परेशानी से दो चार नहीं होना पड़ता। आस पास के दुकानदारों ने बताया कि हमेशा देखने में आया है कि बिलासपुर में किसी भी निर्माण या योजना में देरी सामान्य बात है। जबकि प्रदेश के अन्य शहरो में निर्माण कार्य समय पर पूरा कर लिए जाते हैं।
          
                         महाराणा प्रताप चौक के एक व्यापारी ने बताया कि पिछले दो सालों में यहां का व्यापार पूरी तरह चौपट हो गया है। बार बार यातायात डायवर्सन और सड़को की हालत के चलते लोग यहां आना पसंद नहीं करते हैं। यदि कोई आता भी है तो इसका सीधा मतलब उसकी मजबूरी है। सुबह शाम ट्रैफिक की भीड़..होती है।
     
        नाम नहीं छापने की बात पर बड़े व्यापारी ने बताया कि अधिकारी जानबूझकर योजना में लेट लतीफी करते हैं। इसके पीछे ठेकेदार की सहमति और उनका फायदा है। फ्लाई ओव्हर ब्रिज निर्माण में हो रही लेटलतीफी और होने वाले नुकसान को लेकर हमने प्रशासन से कई बार लिखित में पीड़ा को जाहिर किया।  लेकिन परिणाम ढाक के तीन पात साबित हुए। 
      
                    व्यापारी ने कहा कि एक बार फिर काम में तेजी आयी है। देखकर अच्छा लग रहा है कि उम्मीद है कि फ्लाई ओव्हर निर्माण कार्य जल्द ही पूरा हो जाएगा। निश्चित रूप से इसके लिए सारा श्रेय कलेक्टर डॉ.सारांश मित्तर को जाता है। उन्होने फ्लाई ओव्हर ब्रिज निर्माम और आम जनता की परेशानियों को गंभीरता से लिया। पिछले पांच सात दिनों में निर्माण कार्य में तेजी आयी है। कलेक्टर की फटकार के बाद ठेकेदार से लेकर अधिकारियों की हालत खराब है। जानकारी के अनुसार कलेक्टर मित्तर फ्लाई ओव्हर ब्रिज निर्माण की पल पल की गतिविधियों पर नजर बनाकर रखें है।
 
 ना केवल प्लाई ओव्हर..अन्य निर्माण कार्यों में भी  तेजी
 
                 डॉ.सारांश मित्तर ने बताया कि निर्माण कार्य में शिथिलता के कई कारण होते हैं। कोई एक कारण नहीं है जिसके लिए हम योजना के क्रियान्यन मेें देरी को लेकर जिम्मेदार ठहराएं। जल्द ही व्यापार स्थित स्मार्ट सड़क का काम भी पूरा हो जाएगा। फ्लाई ओव्हर निर्माण की लगातार मानीटरिंंग हो रही है। जिम्मेदार एजेंसी और अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश है कि किसी प्रकार की परेशानी हो..तत्काल सामने लाएं। समस्या का निदान तत्काल किया जाएगा। चूंकि तिफरा फ्लाई ओव्हर ब्रिज का निर्माण राज्य की मुख्य सड़क पर हो रहा है। जाहिर सी बात कि थोड़ी बहुत परेशानी आएगी ही। लेकिन पिछले पांच सात दिनों में काम की रफ्तार बढ़ी है। हमारा प्रयास है कि काम में किसी प्रकार की बाधा ना आए। जल्द से जल्द निर्माण कार्य को पूरा कर लिया जाए। 
 
close