बिलासपुर को सौगात की बौछार…डिप्टी सीएम ने करोड़ों के निर्माण कार्यों का किया लोकार्पण…कहा..3 महीनों में दिखने लगा विकास

BHASKAR MISHRA
4 Min Read

बिलासपुर—मंगलवार को उप मुख्यमंत्री अरूण साव ने बिलासपुरवासियों को पिंक ग्राउंड और हैप्पी स्ट्रीट की सौगात दी है। साव ने रेंट ए साइकिल और आईडब्ल्यूएमएस का भी शुभारंभ किया। स्मार्ट सिटी और निगम के 44 करोड़ 78 लाख के कार्यों का लोकार्पण और 7 करोड़ से अधिक के कार्यों का उप मुख्यमंत्री ने भूमिपूजन किया। साव ने कहा कि बिलासपुर के लिए आज का दिन ऐतिहासिक है। उन्होने बताया कि शहर को सर्वसुविधायुक्त बनाने लगातार काम करेंगे।

Join Our WhatsApp Group Join Now

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने मंगलवार को बिलासपुर स्मार्ट सिटी और निगम के 51 करोड़ 78 लाख के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन कर शहर को अनेक योजनाओं की सौगात दी। उप मुख्यमंत्री साव ने बिलासपुर स्मार्ट सिटी योजना के तहत महिलाओं के लिए बनाए गए पिंक प्ले ग्राउंड, हैप्पी स्ट्रीट, रेंट ए साइकिल और इंटीग्रेटेड वेस्ट मैनेजमेंट सिस्टम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा की आज का दिन बिलासपुर के लिए ऐतिहासिक हैं। आज शहर को करोड़ो रुपये के विकास कार्यों की सौगात मिली है।

अरूण साव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सोच के अनुरुप 2017 में तत्कालीन भाजपा सरकार और मंत्री अमर अग्रवाल ने शहर को संवारने स्मार्ट सिटी के रुप में जो नींव रखी थी।  आज सुखद परिणाम शहर को मिलने लगा है। उप मुख्यमंत्री साव ने पिंक प्ले ग्राउंड के लिए महिलाओं को बधाई देते हुए कहा की यह अनूठा और सराहनीय प्रोजेक्ट है। सिर्फ महिलाओं के लिए तैयार किया गया है। बेटियां खेल के क्षेत्र में नाम रोशन करेंगी। हैप्पी स्ट्रीट और रेंट ए साइकिल योजना बिलासपुर के विकास की कहानी को बयां कर रही है।

      कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि नगर विधायक अमर अग्रवाल ने पिंक प्ले ग्राउंड, हैप्पी स्ट्रीट, रेंट ए साइकिल समेत अन्य योजनाओं की बधाई देते हुए कहा की इन योजनाओं से शहर की एक अलग पहचान बनेगी। बिलासपुर अंतर्राष्ट्रीय स्तर का बने इस कल्पना के साथ स्मार्ट सिटी परियोजना की शुरुआत की गई थी। राज्य में सत्ता परिवर्तन और सुशासन का असर है कि मात्र तीन महीने में ही लंबित कार्य तेज गति से होने लगे हैं। प्रोजेक्ट पूर्ण होने लगे है। विधायक अग्रवाल ने बिलासपुर स्मार्ट सिटी का चयन स्मार्ट सिटी 2.0 में होने की बधाई देते हुए कहा की आने वाले समय में स्मार्ट सिटी आत्मनिर्भर बने, आय स्वयं अर्जित करके शहर को संवारे इसके लिए कार्ययोजना बनाकर कार्य करने की आवश्यकता है।

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला ने बताया स्मार्ट सिटी की सौगात से आज शहर में रौनक है। आज बिलासपुर को चार बड़े प्रोजेक्ट की सौगात मिली हैं।  जिससे शहरवासियों को खेल से लेकर फिटनेस और महानगरीय चौपाटी संस्कृति की सुविधा मिलेगी। आने वाले दिनों में शहर को और भी विकास कार्यों की भेंट मिलेगी, इस पर कार्य जारी है। स्मार्ट सिटी के दूसरे फेज में शहर के नए वार्ड भी जुड़ गए है, इससे स्वच्छता समेत अन्य कार्यों में प्रगति आएगी।

इसके पहले स्मार्ट सिटी के एमडी अमित कुमार ने लोकार्पण और भूमिपूजन किए गए कार्यों की जानकारी दी।उपमुख्यमंत्री अरुण साव, विधायक अमर अग्रवाल, विधायक सुशांत शुक्ला समेत अन्य जनप्रतिनिधियों ने पिंक प्ले ग्राउंड पहुंचकर ग्राउंड का लोकार्पण किया। इस दौरान कलेक्टर अवनीश शरण, एसपी रजनेश सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।

close