ऐसे किया मुस्लिम समाज ने हिन्दू शोभायात्रा का स्वागत..खुद रोजा रखा…लेकिन कराया नाश्ता, पिलाया पानी,लगाया पेन का लंगर…भारतीय तहजीब का किया जयघोष

Editor

बिलासपुर–(रियाज़ अशरफी)  हिंदू नव वर्ष आगमन के स्वागत में सीपत क्षेत्र में भव्य शोभायात्रा निकाली गयी। शोभायात्रा का मुस्लिम समाज ने उत्साह के साथ स्वागत किया। इस मौके पर खुद रोज़ा रखकर समाज के लोगों ने शोभायात्रियों को  नाश्ता पानी कराया। हिन्दू संगठन के प्रमुखों का भगवा गमछा पहनाकर अपनी आस्था और कौमी एकता का मिशाल पेश किया। साथ ही सभी को नव वर्ष की बधाई भी दी गई।

Join Our WhatsApp Group Join Now

 चैत्र मास के शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा यानी 9 अप्रैल मंगलवार से हिंदू धर्म का नया साल शुरू होने जा रहा है। इसके पहले सभी तरफ नव वर्ष के स्वागत के लिए तैयारियां चल रही है। कई हिंदू संगठनों ने नववर्ष के पहले से ही रैली जुलूस निकालकर नए वर्ष के स्वागत का उत्साह जताना शुरू कर दिया है। रविवार को सम्राट विक्रमादित्य हिन्दू नव वर्ष समिति के तत्वावधान में सीपत क्षेत्र के ग्राम कुली से विशाल शोभायात्रा निकाली गई । शोभायात्रा में क्षेत्र के लगभग 60 गांव के लोग बड़ी संख्या में शामिल हुए।

हिन्दू संगठन के शोभायात्रा का स्वागत क्षेत्र के मुस्लिम समुदाय के लोगो ने लूतरा शरीफ में किया। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग हाथों में भगवा ध्वज लेकर रैली में शामिल हुए। सभी का इंतजामिया कमेटी दरगाह लूतरा शरीफ, खादिमान मुतवल्ली कमेटी, व्यापारी संघ, ग्राम पंचायत के अलावा क्षेत्र के कई मुस्लिम प्रमुखों ने उत्साह के साथ जुलूस में शामिल हुए। और  श्रद्धालुओं का स्वागत भी किया। इस दौरान कमेटी ने सभी का नाश्ता के साथ पानी और ठंडे पेय पदार्थ का वितरण कर स्वागत किया। भगवा गमछा पहनाकर सम्मान भी किया।

इस मौके पर हिंदू संगठनों की ओर से प्रणव शर्मा ने लोगों को संबोधित किया। उन्होने बताया कि हिंदुस्तान की यही खूबसूरती है कि एक मजहब दूसरे मजहब का स्वागत और सम्मान कर विविधता का सम्मान करता है। और इस पर अपना अभिमान भी जाहिर करता है। सभी का ईश्वर एक है भले ही लोगों की पूजा पद्धतियां अलग-अलग है। भारत भूमि में भाईचारा प्रेम सद्भाव बना रहे यही संदेश स्वागत का उद्देश्य है।

इस मौके पर लूतरा शरीफ के खादिम उस्मान खान ने कहा कि देश दुनिया में हिंदू मुस्लिम एकता कायम रहे। इसीलिए यहां हिंदू समुदाय की रैली का स्वागत कर इस पाक जमीं से संदेश देने का काम किया जा रहा है।

रविवार की दोपहर निकले नव वर्ष के पूर्व के जुलूस के स्वागत में दरगाह इंतजामिया कमेटी,ग्राम पंचायत,व्यपारी संघ, सुन्नी मुस्लिम समाज के पदाधिकारी, खादिमान कमेटी के पदाधिकारी के अलावा दूसरे मुस्लिम संगठनों से जुड़े लोगों ने इसमें हिस्सा लिया।

कम खाओलेकिन बच्चों को पढ़ाओ

शोभायात्रा स्वागत के साथ ही बच्चों को शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से इन्तेज़ामिया कमेटी दरगाह लुतरा शरीफ ने ” दो रोटी कम खाओ, लेकिन बच्चों को खूब पढ़ाओ” का संदेश दिया। लंगर लगाकर शोभायात्रा में शामिल लोगों में पेन वितरण किया। बच्चो में शिक्षा महत्व का संदेश भी दिया।

इस मौके पर इन्तेज़ामिया कमेटी के सेक्रेटरी रियाज अशरफी, खजांची रोशन खान, मुस्लिम जमात के अध्यक्ष हाजी अब्दुल करीम, कमेटी के मेंबर फिरोज खान,दरगाह के खादिम उस्मान खान, जनपद पंचायत सभापति नूर मोहम्मद, सरपंच प्रतिनिधि संतोष गंधर्व, जनपद सदस्य प्रतिनिधि लक्ष्मी साहू, अल्प संख्यक मोर्चा अध्यक्ष मोहम्मद एजाज़, इदरीश खान, डॉ. अब्दुल गनी,अब्दुल शाहनवाज़ मेमन, शेख अब्दुल गफ्फार, दीपक शर्मा, तुषार चंद्राकर, शोभायात्रा प्रमुख रविकांत राजवाड़े, देवेश शर्मा, कासिम अंसारी, मोहम्मद नजीर, मोहम्मद इजराइल परस कैवर्त, कृष्ण कुमार कैवर्त के अलावा बड़ी संख्या में मुस्लिम समाज और पंचायत प्रतिनिधि मौजूद रहे।

close